'अपने काम को एन्जॉय करते थे झुनझुनवाला', उदयन मुखर्जी ने दोस्त 'रॉकी' को याद कर लिखा
राकेश झुनझुनवाला का आज सुबह मुंबई में निधन हो गया.

शेयर बाजार के दिग्गज निवेशकों में से एक राकेश झुनझुनवाला का 14 अगस्त 2022 को निधन हो गया. वे 62 साल के थे. वैसे तो उन्हें शेयर मार्केट का बिग बुल कहा जाता था लेकिन झुनझुनवाला को जानने वाले उन्हें एक अच्छा दोस्त भी मानते थे. उनकी इसी दोस्ती को याद किया बिजनेस टुडे से जुड़े उदयन मुखर्जी ने. उदयन मुखर्जी झुनझुनवाला को प्यार से 'रॉकी' नाम से बुलाते थे. उन्होंने बिजनेस टुडे में अपने कॉलम में राकेश झुनझुनवाला को याद करते हुए लिखा,
"साल 2000 के जनवरी महीने में मैं पहली बार उनसे मिला था. उस वक्त मैं एक टीवी एंकर था और झुनझुनवाला को अरबपति बनने में अभी समय था. एक बार मैं उनसे मिला और मैंने पूछा कि आप दिनभर स्क्रीन देखकर थक नहीं जाते. इसपर उन्होंने हंसते हुए कहा कि वो इस काम को एन्जॉय करते हैं बोर नहीं होते."
उदयन मुखर्जी कहते हैं कि शेयर मार्केट में निवेश करना झुनझुनवाला के खून में था. इसके बावजूद वो एक तरफ वारेन बफे के क्लासिकल स्टाइल में स्टॉक्स को होल्ड कर के रखते थे, तो वहीं दूसरी ओर उनकी ट्रेडिंग की नॉलेज बेहतरीन थी. मुखर्जी कहते हैं कि झुनझुनवाला अक्सर कहा करते थे,
"निवेश करना वाइन को पीने जैसा है. धीरे-धीरे. लेकिन ट्रेडिंग करना ऐसा है जैसे आप टकिला के शॉट्स ले रहे हों. आप जानते हैं कि सेहत के लिए कौन सी बेहतर है, लेकिन आप ये भी जानते हैं कि मजा किसमें आता है."
उदयन मुखर्जी आगे लिखते हैं कि जिंदगी के आखिरी दशक में राकेश झुनझुनवाला ने किसी के बिजनेस में निवेश करने के बजाय नए बिजनेस शुरू करने पर जोर दिया. अपने गुरु राधाकिशन दमानी के सिखाए रास्ते को उन्होंने अपनाया. और स्टार हेल्थ इंश्योरेंस में निवेश और अकासा एयरलाइन की शुरुआत करना इसका जीता जगत सुबूत है. बता दें कि राधाकिशन दमानी ने ही डी-मार्ट की शुरुआत की थी.
उदयन कहते हैं कि, पिछले एक साल से वे बीमार थे, लेकिन उस समय भी पॉजिटिव सोचते थे. उनकी उम्र 62 साल की थी लेकिन जब भी वे बात करते थे उनमें एक बच्चे के जैसा जोश और उत्साह था. उनकी जिंदगी सिर्फ 62 साल की थी, लेकिन इसमें उन्होंने वो सब हासिल कर लिया जो लोग सौ की उम्र पार करने के बाद भी हासिल नहीं कर पाते.
वीडियो: राकेश झुनझुनवाला ने कहा था- ‘खुद कमाके पैसे लगाओ, ससुस या बाप का नहीं’

