The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Odisha crocodile attacks women drags her while she was taking bath in Birupa river

महिला को जिंदा चबा गया मगरमच्छ, ओडिशा की घटना का वीडियो दहला देगा

पुलिस और बचाव दल को महिला का बिना सिर-पैर वाला शव मिला है.

Advertisement
pic
16 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 16 अगस्त 2023, 06:22 PM IST)
Odisha crocodile attacks women
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने महिला को बचाने की कोशिश की लेकिन वो सभी विफल रहे. (फ़ोटो/वायरल वीडियो से स्क्रीनशॉट)
Quick AI Highlights
Click here to view more

ओडिशा में नदी के पास गई एक महिला को विशाल मगरमच्छ खा गया. दहला देने वाली इस घटना का वीडियो भी सामने आया है. बताया गया कि महिला नदी में नहाने गई थी. उसी समय मगरमच्छ ने उस पर हमला कर पानी में खींच लिया. मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन वो सभी विफल रहे. उसी समय उनमें से एक ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

इंडिया टुडे से जुड़े अजय नाथ की रिपोर्ट के मुताबिक घटना ओडिशा के जाजपुर जिले के पलाटपुर गांव की है. बुधवार, 16 अगस्त को 35 साल की ज्योत्सनारानी जेना अमथपुर में विरूपा नदी में नहाने के लिए उतरी थीं. उसी समय अचानक पानी में से एक विशाल मगरमच्छ आ जाता है और उनका मुंह पकड़ कर उन्हें नदी में खींच लेता है. वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची. उन्होंने पानी में जाल फेंका और महिला की तलाश की.

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने बताया कि महिला का बिना सिर और पैर का शव बरामद किया गया है. उसने बताया कि महिला की मौत मगरमच्छ के हमले में ही हुई है.

पिछले 3 महीने में ओडिशा में मगरमच्छ के हमले

28 जुलाई 2023- ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के कुलसाही गांव में एक मगरमच्छ ने अमूल्य दास नाम के व्यक्ति को ब्राह्मणी नदी में खींच लिया था. हमले में अमूल्य की मौत हो गई थी.

29 जून 2023-  घघराडीहा गांव के गंगाधर तराई नाम के व्यक्ति अपने गांव के पास एक नहर में नहा रहे थे. उसी समय मगरमच्छ ने उन पर हमला किया.

21 जून 2023- हटियागाडी गांव की सीतारानी दास नाम की महिला गांव के तालाब में बर्तन धो रही थी, तभी मगरमच्छ ने उन पर पर हमला कर दिया था.

इसी तरह, नीमपुर गांव के पांचवीं कक्षा के छात्र आशुतोष आचार्य पर एक मगरमच्छ ने हमला किया. उस समय आशुतोष अपनी मां के साथ ब्राह्मणी नदी में नहा रहे थे. बाद में पुलिस को उनका शव मिला था.

रिपोर्ट्स के मुताबिक मगरमच्छ हाई टाइड के कारण गांव की नहर में घुस गए हैं और ग्रामीणों पर हमला कर रहे हैं. उनका आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है.

इन हमलों पर इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में इलाके के प्रिंसिपल चीफ कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट एसके पोपली कहा, 

“हम ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गांवों में जागरूकता कार्यक्रम चला रहे हैं. हमने बाड़ लगाकर स्नान घाटों को मजबूत करने के लिए भी कदम उठाए हैं ताकि रेप्टाइल्स/मगरमच्छ क्षेत्र में प्रवेश न कर सकें.”

उन्होंने आगे बताया कि पीड़ितों के परिजनों को 6 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है.

वीडियो: उत्तराखंड के खटीमा में मगरमच्छ ने बच्चे को निगला, गांव वालों ने पकड़कर X-ray करवा दिया!

Advertisement

Advertisement

()