नीतीश ने आखिर कार्तिकेय सिंह से कानून विभाग छीना, BJP बोली- मंत्री पद से क्यों नहीं हटाया
अब तक गन्ना उद्योग मंत्रालय देख रहे शमीम अहमद को कानून मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है.

बिहार में सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने विवादों में घिरे कार्तिकेय सिंह (Kartikeya Singh) से कानून विभाग वापस ले लिया है. अब उन्हें गन्ना विभाग का मंत्री बनाया गया है. RJD विधायक कार्तिकेय सिंह के खिलाफ अपहरण के एक मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी है और उन्हें कानून विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी. इसे लेकर विपक्षी दल BJP लगातार JDU-RJD गठबंधन सरकार पर हमलावर था.
सीएम नीतीश ने विवाद बढ़ने पर कार्तिकेय सिंह का विभाग बदला है. वहीं अब तक गन्ना उद्योग मंत्रालय देख रहे शमीम अहमद (Shamim Ahmed) को कानून मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है. कार्तिकेय सिंह का विभाग बदले जाने के बाद बीजेपी ने एक बार फिर सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है. BJP प्रवक्ता अरविंद कुमार सिंह ने कहा,
Kartikeya Singh पर विवाद क्यों हुआ?नीतीश कुमार, कार्तिकेय सिंह को अपने मंत्रिमंडल से हटाने का साहस नहीं जुटा सके. यह पूरी कार्रवाई सिर्फ मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए की गई है.
आजतक की खबर के मुताबिक कार्तिकेय सिंह 2014 के एक अपहरण मामले में आरोपी हैं. कार्तिकेय सिंह को बाहुबली अनंत सिंह का करीबी माना जाता है. 2014 में पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के बिल्डर राजू सिंह के अपहरण मामले में अनंत सिंह और कार्तिकेय सिंह के खिलाफ केस दर्ज हुआ था.
इसी मामले में सुनवाई करते हुए दानापुर कोर्ट ने 12 अगस्त को कार्तिकेय सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया. साथ ही उन्हें 16 अगस्त तक कोर्ट में सरेंडर करने को कहा. कार्तिकेय सिंह सरेंडर करने की जगह 16 अगस्त को RJD-JDU गठबंधन सरकार में कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेने पहुंच गए. इसके बाद कोर्ट में उनकी गिरफ्तारी पर 1 सितंबर 2022 तक के लिए रोक लगा दी.
बिहार में बदले राजनीतिक घटनाक्रम के बाद 10 अगस्त को RJD-JDU गठबंधन की सरकार बनी थी. जिसके बाद 16 अगस्त को विभागों का बंटवारा हुआ था. कार्तिकेय सिंह को मंत्री बनाए जाने के बाद से ही BJP लगातार CM नीतीश कुमार पर हमलावर थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसी दबाव के चलते कार्तिकेय सिंह के विभाग में फेरबदल किया गया है.
वीडियो- नीतीश कुमार बुरा घिरे, कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह अपहरण केस में फ़रार निकले, BJP ने मचाया बवाल

