The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Nigeria series of suicide attacks 18 people killed 19 were seriously injured

आत्मघाती हमलों में 18 की मौत, 19 घायल; शादी समारोह से लेकर अस्पताल और अंतिम संस्कार तक को नहीं बख्शा

सिलसिलेवार आत्मघाती हमले Nigeria के उत्तर-पूर्वी शहर ग्वोजा में हुए हैं. ख़बर लिखे जाने तक कम से कम 23 लोगों के बारे में कोई जानकारी हासिल नहीं हुई थी. मरने वालों की तादाद बढ़ भी सकती है.

Advertisement
pic
1 जुलाई 2024 (पब्लिश्ड: 02:03 PM IST)
 Nigeria
तीन अलग-अलग जगहों पर हमले हुए. (फ़ोटो - द गार्डियन)
Quick AI Highlights
Click here to view more

नाइजीरिया में तीन अलग-अलग जगहों पर आत्मघाती हमले हुए हैं. इन हमलों कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है. जबकि 19 लोगों के घायल होने की ख़बर है (18 people have been killed in suicide attacks in Nigeria) . साथ ही ख़बर लिखे जाने तक 23 लोगों को हमले वाली जगह से निकाले जाने का इंतजार है. इन आत्मघाती हमलों का पहला निशाना एक शादी समारोह, दूसरा उसी शहर का एक अस्पताल, जबकि तीसरा निशाना एक अंतिम संस्कार समारोह बना. ये अंतिम संस्कार भी इसी हमले का शिकार बने विवाह समारोह के हताहतों का था. ग्वोजा में ये हमले हुए हैं, जो नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी हिस्से का शहर है. नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू ने हमलों की निंदा की है (President Bola Tinubu condemned attacks) . उन्होंने इसे आंतकवादी कृत्य बताया है.

नाइजीरियन पुलिस ने बताया कि 29 जून को अपनी पीठ पर बच्चे को बांधी एक महिला एक शादी समारोह में घुसी थी. इसके बाद उसने भीड़ भरे मोटर पार्क में अपने पास रखे एक IED में विस्फोट कर दिया. ऐसा ही हमला महिला हमलावरों ने शहर के एक अस्पताल में भी किया, जो कैमरून की सीमा के पास मौजूद है. द गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक़, बाद में शादी के धमाके में मारे गए पीड़ितों के अंतिम संस्कार में एक और हमला हुआ. जिन इलाकों में ये हमले हुए, वो जिहादी समूह बोको हरम की हिंसा से 10 सालों से भी ज़्यादा समय से प्रभावित हैं. हालांकि बोको हरम ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

ये भी पढ़ें - बंगाल में बीच सड़क लात-घुसों और डंडों से पिटाई, आरोपी TMC विधायक का 'क़रीबी'?

मामले में ग्वोजा के इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी के प्रमुख बर्किनडो सैडो ने बताया,

"अब तक बच्चों, पुरुषों, महिलाओं और गर्भवती महिलाओं समेत 18 लोगों के मौत की ख़बर है. साथ ही 19 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घायल लोगों को क्षेत्रीय राजधानी मैदुगुरी ले जाया गया है. वहीं, 23 अन्य लोगों को निकाले जाने का इंतजार है."

वहीं, बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक़, शादी समारोह में हुए हमले में 6 लोगों की मौत हुई थी. नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू ने हमलों की निंदा करते हुए इसे आंतकवादी कृत्य बताया है. साथ ही, हमले में शामिल लोगों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की बात कही है. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे कहीं ज़्यादा मौतें हुई हैं.

गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक़, सेना के एक और अफ़सर ने बताया कि सुरक्षा चौकी पर हुए एक दूसरे हमले में 3 सैनिकों की मौत हो गई है. हालांकि हाल के सालों में बोको हरम ने अपनी ज़मीन खो दी है. लेकिन वो ग्रामीण इलाकों में नियमित रूप से ऐसे हमले करता रहा है.

वीडियो: दुनियादारी: बोको हराम वाले नाइजीरिया में नौजवान लोग अपहरण के धंधे में क्यों शामिल हो रहे हैं?

Advertisement

Advertisement

()