न्यूयॉर्क के एयरपोर्ट पर फायर ट्रक से टकराया प्लेन, पायलट और को-पायलट की मौत
Air Canada Express का प्लेन कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर से New York के LaGuardia Airport आ रहा था. प्लेन की फायर ट्रक से टक्कर में पोर्ट अथॉरिटी पुलिस के दो जवान भी घायल हो गए, जिन्हें हड्डियां टूटने जैसी चोटें आई हैं. हालांकि, उनकी जान को खतरा नहीं है.

अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक बड़ा प्लेन हादसा हो गया. सोमवार, 23 मार्च को न्यूयॉर्क स्थित लागार्डिया एयरपोर्ट पर एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक प्लेन रनवे पर खड़े फायर ट्रक से टकरा गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि विमान का कॉकपिट पूरी तरह चकनाचूर हो गया. हादसे में पायलट और को-पायलट की मौत की आशंका है, जबकि दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं. सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है.
अमेरिकी न्यूज चैनल NBC News की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस फायर ट्रक से एयर कनाडा एक्सप्रेस का प्लेन टकराया, वो एक अलग घटना के रिस्पॉन्स में जा रहा था. इस प्लेन में 76 यात्री और 4 केबिन क्रू के लोग थे. रिपोर्ट में मामले की जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया कि जिन दो लोगों की मौत हुई, वे प्लेन के पायलट और को-पायलट हैं. हालांकि, मौत और घायलों को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
न्यूयॉर्क के लागार्डिया एयरपोर्ट ने अपने ऑफिशियल X हैंडल पर शुरुआती जानकारी देते हुए लिखा,
"एयर कनाडा की तरफ से ऑपरेट कर रही जैज एविएशन की एक फ्लाइट लागार्डिया एयरपोर्ट के रनवे 4 पर एक हादसे का शिकार हो गई. इस हादसे में एयरक्राफ्ट ने पोर्ट अथॉरिटी एयरक्राफ्ट रेस्क्यू और फायरफाइटिंग गाड़ी को टक्कर मार दी, जो एक अलग हादसे पर रिस्पॉन्ड कर रही थी.
इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्रोटोकॉल तुरंत एक्टिवेट कर दिए गए. पोर्ट अथॉरिटी पुलिस डिपार्टमेंट, एजेंसी के चेयरमैन और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के साथ मौके पर है. रिस्पॉन्स को आसान बनाने और पूरी जांच के लिए एयरपोर्ट को अभी बंद कर दिया गया है."

लागार्डिया एयरपोर्ट ने आगे बताया एयर पोर्ट अथॉरिटी पुलिस डिपार्टमेंट, एयरलाइन पार्टनर्स के साथ-साथ फेडरल अथॉरिटीज के साथ मिलकर काम कर रही है. न्यूयॉर्क पुलिस डिपार्टमेंट (NYPD) ने लागार्डिया एयरपोर्ट जाने वाली सभी सड़कें और हाईवे के रास्ते अगली जानकारी तक बंद कर दिए हैं. पुलिस ने इस इलाके में जाने से बचने की हिदायत दी है.

एयर कनाडा एक्सप्रेस का प्लेन कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर से आ रहा था. न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, फायर ट्रक से टक्कर में पोर्ट अथॉरिटी पुलिस के दो जवान घायल हो गए, जिन्हें हड्डियां टूटने जैसी चोटें आई हैं. हालांकि, उनकी जान को खतरा नहीं है.
ये सभी पुलिसकर्मी एयरक्राफ्ट रेस्क्यू फायर फाइटर यूनिट के सदस्य हैं, जो विमान से जुड़े हादसों में मदद करते हैं. हादसे में एक महिला फ्लाइट अटेंडेंट अपनी सीट समेत प्लेन के आगे से बाहर निकल आई. गनीमत रही कि वो जिंदा बच गई. बाद में पुलिस ने उसे सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया.
वीडियो: ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज पर 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया, ईरान ने उल्टा क्या धमका दी?

.webp?width=60)
