जिस एयरलाइन्स का विमान हादसे का शिकार हुआ, उसके मालिक की जान भी क्रैश में गई थी
2019 में अंग चेरिंग शेरपा की मौत हुई थी.

नेपाल में आज, 15 जनवरी को यती एयरलाइन्स का ATR-72 विमान क्रैश हो गया. प्लेन में 72 लोग सवार थे. अब तक 69 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं. लेकिन हादसे के बाद से नेपाल में लगातार हो रही विमान दुर्घटनाओं और यती एयरलाइन्स के हादसों पर चर्चा शुरू हो गई है. नेपाल में होने वाली विमान दुर्घटनाओं में यती एयरलाइन्स का नाम पहले भी कई खबरों में आ चुका है. यहां तक की 2019 में यती एयरलाइन्स के फाउंडर अंग चेरिंग शेरपा की मौत भी हेलिकॉप्टर क्रैश में हुई. जिस हेलिकॉप्टर पर शेरपा सवार थे वो उन्हीं की कंपनी एयर डायनेस्टी का था.
हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए थे यती के मालिक27 फरवरी, 2019 को नेपाल के तापलेजुंग में हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ था. इस हेलिकॉप्टर में शेरपा के साथ 6 अन्य लोग सवार थे. इनमें नेपाल के तब के टूरिज़्म और विमानन मंत्री रबिंद्र अधिकारी भी शामिल थे. हेलिकॉप्टर था एयर डायनेस्टी का, जिसे अंग चेरिंग शेरपा ने शुरू किया था.
एयर डायनेस्टी की शुरुआत शेरपा ने साल 1993 में की थी. 2005 में इसे एक ब्रिटिश कंपनी से फॉरेन फंडिंग मिली. इसके बाद एयर डायनेस्टी का प्रसार हुआ. नेपाल में इस कंपनी के तीन हब हैं. एक काठमांडु, दूसरा लुक्ला और तीसरा पोखरा. वही पोखरा जहां आज विमान हादसा हुआ.
यती एयरलाइन्सयती एयरलाइन्स नेपाल की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन्स है. इसे चेरिंग शेरपा ने 1998 में खड़ा किया था. अगस्त 1998 में इस एयरलाइन्स ने उड़ान भरनी शुरू की. तब से यती नेपाल में एविएशन में बड़ा प्लेयर है. इस कंपनी ने एक और एयरलाइन्स की शुरुआत की. यती ही तारा एयर की पैरेंट कंपनी है. 2008 में एक समय ऐसा भी आया जब दोनों कंपनियों ने नेपाल एविएशन मार्केट में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी अपने नाम कर ली थी.
लेकिन नेपाल में होने वाले विमान हादसों में यती एयरलाइंस के कई प्लेन शामिल हैं. आज भी यती के विमान ने काठमांडू से पोखरा के लिए उड़ान भरी थी. हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ. नेपाल की सेना और पुलिस के साथ ही स्थानीय लोग भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं. द काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, यती एयरलाइन के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने बताया कि प्लेन ओल्ड एयरपोर्ट और पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच क्रैश हुआ. इसमें अब तक 69 लोगों की मौत की पुष्टि की जा चुकी है.
वीडियो: Nepal Plane Crash: नेपाल में 68 यात्रियों को ले जा रहा प्लेन क्रैश, अबतक क्या-क्या पता लगा?

