The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • NCP Ajit Pawar attacks Mahayuti coalition over Shiv Sena leaders feel like vomiting remark

'तानाजी को बर्खास्त करें या गठबंधन तोड़ें...', शिवसेना नेता के 'उल्टी' वाले बयान पर NCP की दो टुक

Maharashtra's Health Minister Tanaji Sawant ने कहा था, ‘भले ही हम कैबिनेट में एक-दूसरे के बगल में बैठते हों. लेकिन बाहर आने के बाद मुझे उल्टी जैसा महसूस होता है.’ अब उनके इसी बयान को लेकर सियासी हंगामा मचा हुआ है.

Advertisement
pic
31 अगस्त 2024 (अपडेटेड: 31 अगस्त 2024, 10:23 AM IST)
Feel nauseous when I sit with Ajit Pawar, Row over Shinde Sena leaders remark
NCP ने कहा है, ‘हम सिर्फ़ गठबंधन धर्म को बनाए रखने के लिए चुप हैं.’ (फ़ोटो - PTI/इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता तानाजी सावंत के 'उल्टी' वाले बयान से सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के भीतर राजनीतिक दरार बढ़ती दिख रही है. मामला यहां तक पहुंच गया कि NCP (अजित गुट) के नेताओं ने गठबंधन तोड़ने तक की मांग कर दी है. NCP (अजित गुट) के एक नेता ने साफ़ कहा है कि या तो तानाजी को बर्खास्त किया जाए या गठबंधन तोड़ दिया जाए. दरअसल, तानाजी ने कहा था, ‘भले ही हम कैबिनेट में एक-दूसरे के बगल में बैठते हों. लेकिन बाहर आने के बाद मुझे उल्टी जैसा महसूस होता है.’

तानाजी ने और क्या कहा?

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री सावंत ने धाराशिव (पहले उस्मानाबाद) में एक कार्यक्रम को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने NCP (अजित गुट) के साथ अपनी असहजता के बारे में बताया. सावंत ने अपने गठबंधन सहयोगी के लिए कहा,

मैं शिवसैनिक हूं. हमारी, ज़िंदगी में कांग्रेस और NCP के साथ कभी नहीं बनी. मैं जब छात्र था, तब से कभी तालमेल नहीं बैठा. आज, अगर मैं NCP चीफ़ अजित पवार के साथ कैबिनेट में भी बैठता हूं, तो बाहर आने के बाद मुझे उल्टी आती है. मैं इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता. ऐसा नहीं है कि इसे बदला नहीं जा सकता, बल्कि हम अपने सिद्धांतों को लेकर प्रतिबद्ध हैं.

उन्होंने कहा कि एलर्जी वाले शख्स को जैसे गोलियां खाने पर उल्टियां गिरती हैं. वैसी ही स्थिति उनके साथ है.

‘गठबंधन तोड़ दें’

तानाजी के बयान को लेकर NCP(अजित गुट) का भी जवाब आया है. उनकी तरफ़ से तानाजी को बर्खास्त करने या गठबंधन से हटने की मांग की जा रही है. NCP (अजित गुट) के प्रवक्ता उमेश पाटिल ने कहा, 'पार्टी के सीनियर नेताओं से मेरी विनती है कि वो ऐसे बयानों को सहने के बजाय महायुति छोड़ दें.' वहीं, (अजित गुट) NCP प्रवक्ता और विधान परिषद के सदस्य (MLC) अमोल मिटकरी ने भी तानाजी के बयान की निंदा की है. उन्होंने तानाजी पर गठबंधन के सामंजस्य को कमजोर करने का आरोप भी लगाया है. उन्होंने कहा, ‘हम सिर्फ़ गठबंधन धर्म को बनाए रखने के लिए चुप हैं.’

ये भी पढ़ें - अजित पवार और BJP को झटका देने की तैयारी में शरद पवार!

वहीं, तानाजी के बयान पर शरद पवार की पार्टी के नेताओं ने भी चुटकी ली है. महायुति गठबंधन पर निशाना साधते हुए NCP(SCP) प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने कहा कि तानाजी का कॉमेंट गठबंधन के भीतर बढ़ते असंतोष को उजागर करता है. उन्होंने कहा,

समय आ गया है, जब BJP धीरे-धीरे लेकिन लगातार अजित पवार को महायुति से बाहर निकालने में लग जाएगी. BJP कैडर अजित पवार के साथ गठबंधन पर सवाल उठा रहा है. जो उनके भीतर बढ़ते असंतोष को दर्शाता है.

बता दें कि तानाजी सावंत अक्सर विवादित बयान देते रहते हैं. साल 2022 में रत्नागिरी जि़ले में बांध टूट गया था. घटना में 18 लोगों की मौत हो गई थी. इस घटना के लिए उन्होंने केकड़ों को जिम्मेदार ठहराया था. उस वक़्त भी, उनके इस बयान की काफी आलोचना हुई थी.

वीडियो: महाराष्ट्र में शिंदे सरकार ने दी यूनिफाइड पेंशन स्कीम को मंजूरी, कब से लागू होगी?

Advertisement

Advertisement

()