'PM जो स्कूल नहीं गए, उनसे छात्रों के प्रति सहानुभूति की उम्मीद कैसे कर सकते हैं?'
बॉलीवुड में सिर्फ एक चीज की पूजा होती है और वो पैसा है : नसीरुद्दीन शाह.

नसीरुद्दीन शाह ने हाल ही में द वायर को इंटरव्यू दिया. इसमें उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (Citizenship Amendment Act), JNU हिंसा और बॉलीवुड स्टार्स की चुप्पी पर बात की. उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठी राजनीतिक पार्टी जबरन लोगों को उनकी नागरिकता साबित करने के लिए मजबूर कर रही है. उन्होंने कहा,
मेरे पास जन्म प्रमाण पत्र नहीं है. अब मैं बनवा भी नहीं सकता हूं. जिनके पास बर्थ सर्टिफिकेट नहीं है, उन्हें देश से बाहर निकाल दिया जाएगा क्या? मुझे किसी भी आश्वासन की जरूरत नहीं कि मुसलमानों को डरने की जरूरत नहीं है. अगर मैं 70 साल तक देश में रहकर भी खुद को भारतीय साबित नहीं कर सकता, तो नहीं पता कि कैसे कर पाऊंगा. न मैं डरा हुआ हूं और न चिंतित. मैं नाराज हूं.
छात्रों का अपमान हुआ. छात्रों की अवमानना मुझे सबसे ज़्यादा परेशान कर रही है. मुझे लगता है कि जिन लोगों को नहीं पता कि स्टूडेंट होना क्या होता है, वो छात्रों और बुद्धिजीवियों को एक बीमारी मानते हैं. इसलिए हैरानी नहीं है कि प्रधानमंत्री के पास छात्रों के लिए कोई सहानुभूति या दया नहीं है. उनका एक वीडियो क्लिप है, जिसमें वो कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री बनने से पहले उन्होंने कभी पढ़ाई नहीं की, तो आप उनसे छात्रों के प्रति सहानुभूति की उम्मीद कैसे कर सकते हैं? अगर आप युवाओं के गुस्से को खारिज करते हैं, तो आप अपने लिए खतरा पैदा कर रहे हैं. मैं बस यही कह सकता हूं.
इंटरव्यू में जब नसीरुद्दीन शाह से पूछा गया कि बॉलीवुड में कुछ ही सेलेब्रिटी हैं. जो CAA के विरोध में अपनी आवाज़ ऊंची कर रहे हैं. इसके जवाब में उन्होंने कहा-
अगर बात सुपरस्टार्स की करें, तो आप ये समझ सकते हैं कि वो लोग क्यों नहीं बोलते हैं? हैरानी की बात ये है कि आखिर वो बोलकर कितना कुछ खो देंगे. क्या वो सात पीढ़ियों के लिए जमा नहीं कर चुके हैं? ये वैसा ही है कि जब आपका कुआं भरा होता है, तो प्यास का डर कुछ ज्यादा ही होता है. कभी न बुझने वाली प्यास. फेम खोने का डर, पैसा खोने का डर क्या आपको मार देगा? स्टार्स को मुख्यतौर पर खुद की चिंता होती है, बाकी आसपास के लोगों की नहीं.
इसके साथ ही उन्होंने दीपिका पादुकोण के JNU जाने को लेकर उनकी तारीफ की. साथ ही कहा कि अनुराग कश्यप की तरह वो भी पीएम की पॉलिटिकल साइंस की डॉक्टरेट की डिग्री देखना चाहेंगे.
Video : आयुष्मान खुराना की 'शुभ मंगल ज्यादा सावधान' ट्रेलर की 5 बातें जानिए

