नफे सिंह राठी की हत्या मामले में नया मोड़, दो शूटर्स गिरफ्तार
INLD नेता Nafe Singh Rathee पर अपराधियों ने 40 से 50 राउंड गोलियां चलाई थी. अब इस मामले में 2 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है.

नफे सिंह राठी (Nafe Singh Rathee) की हत्या मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. राठी इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष थे. 25 फरवरी की शाम असौदा गांव से बहादुरगढ़ वापस लौटते वक्त गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी. अपराधियों ने उनपर 40 से 50 राउंड फायरिंग की थी.
इंडिया टुडे से जुड़े हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में दो आरोपी शूटर्स को पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं- सौरव और आशीष. दोनों दिल्ली के नांगलोई इलाके के रहने वाले हैं. आशंका जताई जा रही है कि दोनों कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग से जुड़े हुए हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झज्जर पुलिस, दिल्ली पुलिस की स्पेशल और STF ने मिलकर जॉइंट ऑपरेशन चलाया था.
इससे पहले 3 मार्च को झज्जर पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को चिह्नित कर उनपर एक-एक लाख रुपए के इनाम की घोषणा की थी. पुलिस ने कहा था कि आरोपियों के बारे में सूचना देने वाले को 1 लाख रुपए दिए जाएंगे. पुलिस ने जिन आरोपियों की पहचान की थी उनके नाम हैं- आशीष, नकुल सांगवान उर्फ दीपक सांगवान और अतुल.
ये भी पढ़ें: नफे सिंह राठी की हत्या के तार क्या राजनीति से जुड़े हैं? बेटे के किन आरोप ने सनसनी मचा दी
घटना के बाद राठी के ड्राइवर संजय सिंह ने पुलिस को बताया था कि अपराधियों ने गोली चलाने के बाद उनको धमकी दिया और कहा कि तुझे जिंदा छोड़ रहे हैं, जाकर इनके घर पर बता देना. राठी तब अपनी फॉर्चूनर कार में सवार थे. उनके ड्राइवर और भांजे राकेश उर्फ संजय सिंह गाड़ी चला रहे थे. संजय सिंह ने इस मामले में FIR दर्ज कराई थी. इसमें 7 लोगों को आरोपी बनाया गया था. घटना का CCTV वीडियो भी वायरल हुआ था.
हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ के रहने राठी यहां से विधायक रह चुके थे. वो 1996 से 2005 तक राठी इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) से बहादुरगढ़ सीट से विधायक रहे.
वीडियो: हरियाणा में INLD अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, 50 राउंड फायरिंग


