पड़ोसियों ने मुस्लिम दंपति को पीट-पीट कर मार दिया, वजह- बेटा हिन्दू लड़की के साथ चला गया था
मामला उत्तरप्रदेश के सीतापुर जिले का है, पुलिस आरोपियों को पकड़ने की कोशिश में लगी है

यूपी के सीतापुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पड़ोसियों ने मिलकर एक पति-पत्नी की कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी. आरोप है कि पड़ोसियों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से दोनों की पिटाई की. इसके पीछे की वजह? बताया जाता है कि कुछ समय पहले पड़ोसी की बेटी घर छोड़कर मृतक दंपति के बेटे के साथ चली गई थी. इस मामले में लड़के के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया था. कार्रवाई के बाद वो जेल भी गया था. कुछ रोज पहले ही वो बेल पर छूट कर घर आया था.
कैसे घटी ये घटना?आजतक से जुड़े अरविंद मोहन की एक रिपोर्ट के मुताबिक ये मामला सीतापुर के राजेपुर गांव का है. शुक्रवार (18 अगस्त) की शाम 50 वर्षीय अब्बास और उनकी पत्नी कमरुलनिशां अपने घर के सामने बैठे थे. बहस पहले से चल रही थी. आरोप है कि तभी वहां पड़ोसी रामपाल, शैलेंद्र जायसवाल और सुनील समेत आधा दर्जन लोग पहुंचे और दोनों को पीटना शुरू कर दिया. बताया जाता है कि इसी दौरान पति-पत्नी की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही एसपी, एएसपी, सीओ समेत फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची. तत्काल जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई.
अरविंद मोहन से मिली जानकारी के मुताबिक अब्बास के बेटे शौकत का रामपाल की बेटी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. लड़की के परिजनों ने शौकत पर बेटी को जबरन ले जाने का मुक़दमा दर्ज करवाया था. कार्रवाई के बाद पुलिस ने चार्जशीट लगाई थी. शौकत को इस मामले में जेल जाना पड़ा था.
मामले की जानकारी देते हुए एसपी चक्रेश मिश्रा ने बताया,
‘शौकत दो दिन पहले ही जेल से छुटा था (बेल पर). फिर से दोनों परिवारों के बीच कहासुनी चल रही थी. मृतक दंपति का बेटा शौकत आरोपी परिवार की बेटी के साथ फरार हो गया था. इसे लेकर ही बात इतनी ज्यादा बढ़ गयी कि मामूली बात खूनी संघर्ष में बदल गयी. फ़िलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.’
एसपी चक्रेश मिश्रा ने आगे बताया कि गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है. बाकी दो लोगों की तलाश अभी जारी है.
वीडियो: मुख्तार अंसारी यूपी की बांदा जेल और बेटा अब्बास अंसारी कासगंज जेल में बंद, अब NDA के साथ आया!

