कस्टम अधिकारी बनकर इंस्पेक्टर की पत्नी से दोस्ती की, लाखों भकोस कर निकल लिया
दोनों की सोशल मीडिया पर मुलाकात हुई थी.

मुंबई पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर की पत्नी लाखों की ठगी का शिकार हो गई. एक व्यक्ति कस्टम अधिकारी बनकर महिला से मिला था. खबरों के मुताबिक उसने कम कीमत पर सोना बेचने का झांसा देकर महिला से साढ़े तीन लाख रुपये से ज्यादा ऐंठ लिए. आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ में नहीं आया है. उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है.
मामला दक्षिण मुंबई स्थित MRA मार्ग पुलिस कॉलोनी का है. यहां रहने वाली 25 साल की मनीषा अनिल कारे की आरोपी ठग वैभव नारदे से सोशल मीडिया के जरिए मुलाकात हुई थी. उसने महिला को बताया था कि वो कस्टम डिपार्टमेंट में सीनियर पोजिशन पर काम करता है. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एक पुलिस अधिकारी ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ने महिला से दावा किया था कि उसके पास बहुत सारा सोना है जो उसे किसी इनाम के तौर पर मिला था.
महिला की शिकायत के हवाले से पुलिस ने बताया कि बीती 11 अप्रैल को आरोपी ने 90 ग्राम सोने के लिए मनीषा से 3.6 लाख रुपये की ऑनलाइन पेमेंट ली थी. लेकिन उसके बदले सोना नहीं दिया और गायब हो गया. महिला ने कई दिनों तक इस धोखाधड़ी के बारे में किसी को नहीं बताया. लेकिन अब मामला सामने आ गया है. MRA पुलिस ने 32 साल के आरोपी वैभव नारदे के खिलाफ IPC और IT एक्ट, 2000 से जुड़ी धाराओं के तहत धोखाधड़ी, लोक सेवक का रूप धारण करने और धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है.
रिपोर्ट के मुताबिक मनीषा ने अपने पति के साथ जाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. वो मुंबई पुलिस के स्थानीय शस्त्र विभाग में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं. मनीषा ने आरोपी को पैसे भेजने से जुड़े सभी सबूत पुलिस के पास जमा करवा दिए हैं. उसका कहना है कि आरोपी को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें- गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया, फोन किया और बैंक अकाउंट से लाखों उड़ गए
इससे पहले इसी साल जनवरी में ऐसा एक और मामला सामने आया था. उसमें एक ठग ने खुद को अबू धाबी के शाही परिवार का कर्मचारी बताकर एक होटल को लाखों रुपये का चूना लगाया था. आरोपी ने दिल्ली के फाइव स्टार होटल लीला पैलेस में महीनों तक मौज-मस्ती की और अचानक गायब हो गया. भागने से पहले वो होटल का 23-24 लाख रुपये का बिल बना चुका था. बाद में पुलिस ने उसे बैंगलोर से गिरफ्तार किया.
वीडियो: CID के इंस्पेक्टर सचिन ऋषिकेश पांडे फैमिली के साथ घूमने निकले, वहां चोरी के शिकार हो गए

.webp?width=60)

