रॉन्ग साइड में SUV चला रहे 17 साल के लड़के ने युवक को टक्कर मारी, जान चली गई
घटना 29 अगस्त की है. मृतक का नाम नवीन वैष्णव है. वो दूध बेचने का काम करते थे. घटना की सुबह 4 बजे उनकी बाइक को महिंद्रा स्कॉर्पियो ने टक्कर मारी.

मुंबई के गोरेगांव इलाके में कथित तौर पर एक नाबालिग ने तेज रफ्तार SUV से 24 साल के व्यक्ति की बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई है. पुलिस ने नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है. SUV मालिक सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक घटना 29 अगस्त की है. मृतक का नाम नवीन वैष्णव है. वो सुबह दूध बेचने का काम करते थे. 29 अगस्त की सुबह 4 बजे उनकी बाइक को महिंद्रा स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी. स्कॉर्पियो गलत दिशा से आ रही थी. हादसे के बाद आरोपी ने पीड़ित की मदद करने के बजाय वहां से भागने की कोशिश की.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाइक को टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो एक बिजली के खंभे से जा टकराई जिससे नाबालिग घायल हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वैष्णव को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अधिकारी के मुताबिक घायल होने के बाद आरोपी वहां से भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया.
यह भी पढ़ें: पुणे में हिट एंड रन का एक और मामला, कार सवार ने कांस्टेबल को मारी टक्कर, मौके पर मौत
रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से कार जब्त कर ली और नाबालिग समेत आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्कॉर्पियो के मालिक इकबाल जिवानी (48) और उसके बेटे मोहम्मद फज इकबाल जिवानी (21) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस ने बताया है कि नाबालिग के खून के सैंपल लैब में भेजे गए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय वो शराब के नशे में था या नहीं. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने दुर्घटना से पहले अपने दोस्तों के साथ पार्टी की थी.
यह घटना पुणे पोर्श हादसे की याद दिलाती है. इसी साल 19 मई को पुणे में एक पोर्श कार ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी थी. हादसे में दो IT इंजीनियर की मौत हो गई थी. इस घटना का आरोपी भी नाबालिग है. पुलिस ने बताया था कि कार चलाते वक्त वो नशे में था.
हादसे के कुछ घंटे बाद ही नाबालिग को सड़क सुरक्षा पर 300 शब्दों का निबंध लिखने जैसी शर्तों के साथ ज़मानत दे दी गई थी. जिसके बाद इस दुर्घटना को लेकर काफ़ी हंगामा हुआ था. बाद में उसे 5 जून तक निगरानी गृह में भेज दिया गया.
वीडियो: पुणे पोर्श एक्सीडेंट: नाबालिग आरोपी की मां अरेस्ट, ब्लड सैंपल में 'खेल' का आरोप है

