मुंबई के ढाबे में गए, चिकन मंगवाया, खाया तो स्वाद अलग था, देखा तो चूहा था
घटना के बाद पुलिस ने ढाबे के मैनेजर और होटल के कर्मचारी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मुंबई के एक ढाबे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो में एक डिश दिख रही है, जिसमें एक पीस पर फोकस किया गया है. खाने वाले व्यक्ति का दावा है कि उसने चिकन डिश ऑर्डर की थी, लेकिन उसमें एक मरा हुआ चूहे का बच्चा मिला. ये देखकर उन्होंने खाने का फ़ोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया. घटना के बाद पुलिस ने ढाबे के मैनेजर और होटल के कर्मचारी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
आजतक से जुड़े दिपेश देवेन्द्र नाथ त्रिपाठी की रिपोर्ट के मुताबिक घटना 13 अगस्त को मुंबई के बांद्रा इलाके के ‘पापा पंचो दा ढाबा’ में हुई. शिकायतकर्ता का नाम अनुराग सिंह है. वो अपने दोस्तों के साथ पापा पंचो दा ढाबा में खाना खाने गए थे. उन्होंने ब्रेड के साथ चिकन और मटन की थाली का ऑर्डर दिया था. खाना खाते समय उन्होंने देखा कि मांस के एक टुकड़े का स्वाद अलग है. उसे करीब से देखने पर पता चला कि वो एक मरा हुआ छोटा चूहा है.
रिपोर्ट के मुताबिक जब अनुराग ने ढाबे के मैनेजर से इस बारे में पूछा तो उसने गोलमोल जवाब दिया. इसके बाद अनुराग ने बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने ढाबे के मैनेजर विवियन अल्बर्ट शिकेवर, उस समय होटल के शेफ और चिकन सप्लायर के खिलाफ मामला दर्ज किया. शिकायत के बाद मैनेजर और शेफ को गिरफ्तार किया. बाद में उन्हें जमानत मिल गई.
सोशल मीडिया पर फ़ोटोज वायरलसोशल मीडिया पर जब खाने की फ़ोटोज वायरल हुईं तो लोगों ने अलग-अलग तरह के कॉमेंट्स करना शुरू कर दिए. कुछ गुस्से वाले तो कुछ मज़ाक वाले.
राहुल नाम के X यूजर ने लिखा,
"चूहे को पकाने से पहले उसकी स्किन उतारी गई है.
हाइजीन का ख्याल रखा है."
स्मित सोसा नाम के X यूजर ने लिखा,
“लगता है आपके पेट में भूख के मारे जो चूहा दौड़ रहा था वो बाहर निकला है.”
घटना पर संज्ञान लेते हुए महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने आजतक से बातचीत के दौरान कहा कि उसने ढाबे से खाने का सैंपल लेने के लिए एक अधिकारी को भेजा है. उन्होंने कहा,
"हम उस ढाबे से खाने के साथ-साथ कच्चे चिकन के सैंपल लेंगे जहां कथित तौर पर एक कस्टमर के भोजन में मरा हुआ चूहा पाया गया था. इसे आगे की जांच के लिए लेब में भेजा जाएगा."
महाराष्ट्र FDA ने आगे बताया कि आने वाले हफ्तों में जिन जगहों से चिकन की सप्लाई होती है, वहां की जांच के लिए मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में अभियान चलाए जाएंगे.
वीडियो: Blinkit से मंगाए ब्रेड के पैकेट में चूहा निकला, लोगों ने मीम बनाकर कंपनी की मौज ले डाली

