मुंबई में एक और हिट एंड रन केस, काम से लौट रहे शख्स को BMW ने रौंदा, मौत हो गई
Mumbai Hit and Run: विनोद बाइक पर काम से घर लौट रहा था. तभी वर्ली सी लिंक के पास अब्दुल गफ्फार खान रोड पर एक तेज रफ्तार BMW कार ने विनोद की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. इसके बाद आरोपी फरार हो गया.

मुंबई के वर्ली में हिट एंड रन का एक और मामला सामने आया है (Mumbai Worli Hit and Run). खबर है कि तेज रफ्तार BMW कार की चपेट में आने से एक शख्स की मौत हो गई. BMW गाड़ी चलाने वाले शख्स के खिलाफ केस दर्ज कर उसे अरेस्ट कर लिया गया है. मृतक की पहचान 28 साल के विनोद के तौर पर हुई है.
आजतक से जुड़े दीपेश की रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सीडेंट 20 जुलाई को हुआ था. विनोद बाइक पर काम से घर लौट रहा था. तभी वर्ली सी लिंक के पास अब्दुल गफ्फार खान रोड पर एक तेज रफ्तार BMW कार ने विनोद की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. इसके बाद आरोपी फरार हो गया. हादसे में विनोद को गंभीर चोटें आईं. उसे नायर अस्पताल में भर्ती किया गया. सात दिन बाद 27 जुलाई को इलाज के दौरान विनोद की मौत हो गई.
BMW के ड्राइवर किरण इंदुलकर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे अरेस्ट कर लिया गया है.
इससे पहले 7 जुलाई को शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) नेता राजेश शाह के बेटे मिहिर शाह ने वर्ली में अपनी BMW से एक स्कूटी को टक्कर मार दी थी. हादसे में 45 साल की महिला की मौत हो गई थी. पुलिस ने बताया कि मिहिर शाह ने घटना से पहले दो बार में शराब पी थी. तीन दिनों तक भागने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. मिहिर शाह को 16 जुलाई को सेवरी अदालत में पेश किया गया था. उसे 30 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
ये भी पढ़ें- 'दोस्तों के साथ मर्सिडीज़ से आया, बियर पी और चला गया...', मुंबई हिट एंड रन केस और उलझा!
फिर 16 जुलाई को ऐसा एक और मामला सामने आया. पुणे में एक तेज रफ्तार SUV टेंपो-ट्रक से जाकर भिड़ गई. आरोप है कि वो गाड़ी शरद पवार की NCP पार्टी के नेता का बेटा चला रहा था. एक्सीडेंट में दो लोग घायल हुए. आरोपी की पहचान सौरभ गायकवाड़ के तौर पर हुई. वो पूर्व नगरसेवक और शरद पवार पार्टी के नेता बंडू गायकवाड़ का बेटा है. इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया कि एक्सीडेंट के वक्त आरोपी शराब के नशे में ड्राइव कर रहा था.
वीडियो: मुंबई हिट एंड रन: आरोपी विदेश भागने की फिराक में, पुलिस ने लिया एक्शन

