'फेसबुक पर सजा क्यों देती हो तुम मां?'
स्कूल में बच्चे ने शरारत की तो मां ने फेसबुक पर बेइज्जत करके सजा दी. पोस्ट वायरल हो गई.
Advertisement

फोटो - thelallantop
सब बच्चे चाहते हैं कि मां उनकी हो सुपरक्यूट. इतना प्यार करे कि गलती पर भी छाती से चिपटाकर माफ कर दे. लेकिन एक मां ने अपने बेटे को गलती की ऐसी सजा दी कि पूछिए मत.
टेरी डे इवांस एक मां है. उनका 12 साल का बेटा है जेकब. शैतान अव्वल दरजे का. स्कूल में अपनी जूनियर के पैर को इतना जोर से दबा दिया कि बेचारी के ब्रैंडेड जूते खराब हो गए. लेकिन मां ने उसे जो सजा दी, वो वायरल हो गई. मां ने फेसबुक पर उसे सबके सामने बेइज्जत कर दिया.
इवांस ने अपने बेटे को सबक सिखाने के लिए हैशटैग #Iwillnothaveabullyinmyhouse के साथ फेसबुक पर एक पोस्ट लिखा. उन्होंने लिखा कि जेकब अब वह अपनी बर्थडे मनी से उस लड़की के लिए नए जूते और फूल खरीदेगा और उसे देकर सॉरी बोलेगा. जेकब की ये हरकत बहुत शर्मनाक और घिनौनी है.
जेकब को टैग करते हुए इवांस ने लिखा कि अगर तुमने अपनी हरकतें बंद नहीं की या फिर दोबारा उस लड़की को परेशान किया तो मैं तुम्हें उसके पेरेंट्स के हवाले कर दूंगी. फिर वहीं तय करेंगे कि तुम्हें क्या सजा देनी है. और हां अपनी बर्थडे मनी को टाटा-बाय बाय कर दो. उसी पैसे से तुम उस लड़की के लिए जूते और फूल खरीदोगे.
इवांस के इस पोस्ट को 55 हजार से भी ज्यादा लाइक्स मिले. बहुत सारे नेगेटिव कमेंट्स भी आए. लोगों ने लिखा कि बच्चे को सजा देने का यह तरीका ठीक नहीं है. एलिसन काइल नाम की एक फेसबुक यूजर ने लिखा कि तुम अपने 12 साल के बेटे को इतना शर्मिंदा क्यों कर रही हो. ये उसे इसे हमेशा तकलीफ देगा. माइकल क्रोली ने लिखा कि एक बच्चे के लिए यह बहुत खतरनाक साबित हो सकता है.
हालांकि जब पोस्ट वायरल हो गई और उस पर नेगेटिव कमेंट आने लगे तो इवांस ने जेकब को वहां से अनटैग कर दिया. इवांस का कहना है कि मुझे फर्क नहीं पड़ता लोगों के मेरे पैरेंटिंग स्टाइल पर सवाल उठाने से. मेरे बेटे ने एक लड़की को परेशान और तंग किया है. वो छोटी लड़की अब भी रोती है. हो सकता है कि उसने अपना पिछला स्कूल भी 'बुलींग' की वजह से ही छोड़ा हो. मेरे बेटे की वजह से उसे कितनी तकलीफ हो रही होगी. मुझे यकीन है कि ये घटना अब रिपीट नहीं होगी.

.webp?width=60)

