The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Moscow concert hall attack UN PM Modi and Ukrain reaction

चीन, अमेरिका और तालिबान ने भी मॉस्को हमले की निंदा की, लेकिन यूक्रेन ने क्या कहा?

Moscow concert attack: मॉस्को में आतंकवादी हमले को लेकर कई देशों ने प्रतिक्रिया जारी की है. PM Narendra Modi ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर मॉस्को में हुए आतंकी हमले की निंदा की है.

Advertisement
pic
23 मार्च 2024 (अपडेटेड: 23 मार्च 2024, 12:04 AM IST)
World reaction to attack
इस हमले में 130 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं. (तस्वीर-AP)
Quick AI Highlights
Click here to view more

रूस की राजधानी मॉस्को में आतंकवादी हमले ने दुनियाभर को हैरान कर दिया है. कहा जा रहा है कि दशकों में ये रूस में सबसे घातक आतंकवादी हमला है. 130 से ज्यादा लोगों की मौत और 200 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है. जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन - ISKP ने ली है. इस हमले (Moscow concert hall attack) को लेकर दुनियाभर के देशों ने अपनी अपनी प्रतिक्रिया जारी की है.

संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता फरहान हक ने बताया कि UN महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मॉस्को में आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने कहा, गुटेरेस ने पीड़ित परिवारों और रूस की सरकार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने भी अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है.

यूक्रेन

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के सलाहकार, मायखाइलो पोडोल्याक ने आतंकवादी हमले में यूक्रेन का हाथ होने के आरोपों से इनकार किया है. उन्होंने ट्वीट में सवाल किया कि,

#हथियारबंद लोग बड़ी संख्या में भीड़ वाली जगह से बिना किसी जांच के कैसे पहुंचे?

#डेढ़ घंटे से ज्यादा समय से ये लोग गोलीबारी करते रहे, कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

#फिर ये आतंकवादी शांति से इमारत से निकलकर कार से चले जाते हैं. शुरुआती जांच में सामने आई तस्वीरों में हमलावरों को सीधा इस्लामी कट्टरपंथियों से जोड़ दिया जाता है.

#हमलावर सीमा पार कर वहां पहुंच रहे हैं जहां रूस- यूक्रेन के बीच लड़ाई चल रही है.  जहां हर मीटर पर रूसी सुरक्षा बल तैनात हैं.

उन्होंने कहा इस घटना से यूक्रेन का कोई भी संबंध नहीं है. यूक्रेन और रूस का युद्ध चल रहा है लेकिन इसका समाधान केवल युद्ध मैदान में ही होगा. 

चीन 

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ में छपी रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से संवेदना व्यक्त की है. शी ने इस बात पर जोर दिया कि चीन सभी आतंकवाद का विरोध करता है. और हालिया आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता है. चीन ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए वो रूसी सरकार की कोशिशों का दृढ़ता से समर्थन करता है.

भारत

भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है. जहां उन्होंने 'X' पर लिखा है कि हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं. इसके आगे पीएम ने लिखा कि हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. दुख की इस घड़ी में भारत रूसी संघ की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है.

अमेरिका

अमेरिका में वाइट हाउस के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि रूस से जो तस्वीरें आईं हैं वो बहुत भयानक हैं. उन्हें देखना मुश्किल है. इस भयानक हमले  के पीड़ितों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं. द न्यू यॉर्क टाइम्स ने इस हमले को लेकर एक रिपोर्ट छापी है. जिसमें बताया गया कि अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिका ने मार्च में खुफिया जानकारी जुटाई थी कि इस्लामिक स्टेट-खुरासान (जिसे ISIS-K के नाम से जाना जाता है) अफगानिस्तान में मौजूद आतंकी समूह का ब्रांच है.  और वो मॉस्को पर हमले की प्लानिंग कर रहा था. एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा, ISIS के सदस्य अमेरिका में एक्टिव हैं. काफी शांति के बाद इस्लामिक स्टेट अपने बाहरी हमलों को बढ़ाने की कोशिश कर रहा है. यूरोप में इनमें से कई साजिशों को फेल कर दिया गया है. जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि ISIS कमजोर पड़ गया है.

यूरोपीय संघ

यूरोपीय संघ ने भी इस आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वो हमले से स्तब्ध है. यूरोपीय संघ के एक प्रवक्ता ने कहा कि हमारी संवेदनाएं पीड़ित रूसी नागरिकों के साथ हैं. यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी 'X' पर ट्वीट कर हमले की निंदा की है.

अफगानिस्तान

अफगानिस्तान में अफगानिस्तान की तालिबान सरकार विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल क़हर बल्खी ने तालिबान की तरफ से हमले की निंदा की है. उन्होंने 'X' पर ट्वीट कर लिखा कि तालिबान इसे सभी मानवीय मानकों के प्रति घोर उल्लंघन मानता है. Daesh ने अफगानिस्तान और दुनिया के दूसरे इलाकों में भी नागरिकों को निशाना बनाया है. एक बार फिर आक्रमक हो गया है. इस घटना का उद्देश्य इस्लाम को बदनाम और डर पैदा करना है. ऐसी घटनाओं के खिलाफ सभी देशों को मिलकर कड़ा रुख अपनाना चाहिए.

फ्रांस

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने कहा कि वो इस आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं. फ्रांस ने इस पर स्टेटमेंट जारी कर कहा कि वो पीड़ितों और और सभी रूसी लोगों के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त करता है. फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने मॉस्को से आ रही तस्वीरों को भयावह बताया और कहा कि ऐसे घिनौने अपराध के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.

ये भी पढ़ें- नेटो के सैनिकों पर बड़ा हमला हुआ, रूस बोला, इसयूरोप बारूद के ढेर पर बैठा है!


 

वीडियो: रूस में फंसे कई भारतीय, भारत सरकार ने क्या बताया?

Advertisement

Advertisement

()