डॉगी को घुमा रही औरत अचानक गायब हो गई, डॉगी तो मिल गया लेकिन...
लाखों लोग इस महिला के बारे में बात कर रहे हैं.

निकोला को गुम हुए 10 दिन हो चुके हैं. मेरी दो छोटी बेटियां हैं, जो अपनी मां को बहुत याद कर रही हैं. उन्हें अपनी मां की जरूरत है. ये बच्चियों के लिए एक मुश्किल वक्त है, मेरे और निकोला के परिवार और उसके दोस्तों के लिए भी. अगर किसी के पास कोई जानकारी है जो निकोला को खोजने में मदद कर सकती है, तो मैं उनसे अपील करता हूं कि वो पुलिस से संपर्क करें. उन सवालों के जवाब खोजने में हमारी मदद करें, जो हमारे लिए बेहद जरूरी हैं.
ये बयान एक गुमशुदा महिला निकोला के पति का है. लापता हुई इस महिला का पूरा नाम निकोला बुली (Nicola Bulley) है. उम्र 45 साल. 2 बच्चियां हैं. इंग्लैंड के लैंकाशिर (Lancashire) की रहने वाली. निकोला बुली के पति पॉल परेशान हैं. निकोला की दोनों बेटियों को अपनी मां के वापस आने का इंतजार है. कुछ दिन पहले ही उनकी मां निकोला ने उन्हें स्कूल छोड़ा था. उसके बाद वो अपने कुत्ते को टहलाने नदी किनारे ले गई थीं. इसके बाद क्या हुआ, किसी को कुछ नहीं पता, कुत्ता मिला, लेकिन निकोला नहीं. उसी दिन से वो लापता हैं.
निकोला के साथ क्या हुआ?निकोला कहां गईं? किसी को नहीं पता. कोई सुराग नहीं मिला. पुलिस शुरुआती तौर पर ये मानकर जांच कर रही है कि निकोला के साथ एक दुःखद हादसा हुआ होगा. वो नदी में गिर गई होंगी. लेकिन पुलिस की इस हाइपोथिसिस की पुष्टि के लिए भी जरूरी सबूत नहीं मिले हैं.
इसीलिए निकोला के परिवार और दोस्तों को पुलिस की इस थ्योरी पर विश्वास नहीं हो रहा. उनका कहना है कि अगर निकोला नदी में गिरीं, तो इसका कोई सबूत क्यों नहीं मिला.
पुलिस जांच को लीड कर रही सुपरिटेंडेंट सैली रिले के मुताबिक, इस मामले में कोई तीसरा पक्ष नहीं है. मामले में कोई आपराधिक एंगल नहीं है. लेकिन निकोला के परिवार का सवाल है कि अगर निकोला नदी में गिर गईं, तो नदी किनारे इसके कोई निशान क्यों नहीं मिले. न पैरों के निशान और न ही नदी में फिसलने के निशान.
'कोई हवा में गुम नहीं होता'निकोला के माता-पिता को लगता है कि शायद किसी ने निकोला का अपहरण कर लिया हो. निकोला के पिता अर्नेस्ट, 73 साल के हैं. वो कहते हैं कि इसका कोई सबूत नहीं है कि उनकी बेटी नदी में गिरी. निकोला की बहन लुईस कनिंघम कहती हैं,
किसी को कुछ तो पता होना चाहिए. कोई हवा में गायब नहीं हो जाता.
पुलिस के गोताखोरों ने नदी में निकोला को तलाशा, लेकिन लापता हुई निकोला का कोई सुराग नहीं मिला. सोमवार, 6 फरवरी को अंडरवाटर रेस्क्यू की स्पेशलिस्ट टीम भी निकोला की खोज में शामिल हुई.
स्पेशलिस्ट ग्रुप इंटरनेशनल के चीफ एग्जीक्यूटिव फॉरेंसिक एक्सपर्ट पीटर फॉल्डिंग ने बताया कि उनकी टीम तकनीक के इस्तेमाल से नदी की तली में पड़ी हर छड़ी और पत्थर देख सकती है. पीटर ने कहा कि इस खोज के जो नतीजे आएंगे, उसी के आधार पर पुलिस कुछ कनफर्म कर पाएगी.
जहां गुम हुईं, उसे ‘डरावना’ बताया था!निकोला बुली सोशल मीडिया पर अक्सर अपनी वॉक के बारे में पोस्ट डालती थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस जगह पर निकोला को आखिरी बार देखा गया, उस जगह के बारे में निकोला ने पिछले साल नवंबर में एक फेसबुक पोस्ट डाली थी. निकोला ने उस जगह को बहुत डरावना बताया था.
फेसबुक पर एक लाख से ज्यादा लोग निकोला बुली की बातें कर रहे हैं. 'निकोला बुली कहां हैं?' (Where is Nicola Bulley), 'निकोला बुली की खोज के लिए सपोर्ट' (Supporting the finding of Nicola Jane Bulley), 'निकोला बुली को खोजने में मदद करें' (Help find Nicola Bulley), 'गुमशुदा निकोला बुली' (Missing Nicola Bulley). फेसबुक पर लापता निकोला के लिए इस तरह के कई ग्रुप बनाए गए हैं. निकोला को गायब हुए एक हफ्ते से ज्यादा समय हो गया है. लेकिन सवाल अब भी वही है कि निकोला कहां हैं, निकोला के साथ क्या हुआ?
वीडियो: दुनियादारी: मेक्सिको की 'पहेली' समझिए, जहां हर साल हज़ारों लोग गुम हो जाते हैं

