आदमी ने महिला के कंबल पर पेशाब की, इस बार पैरिस से दिल्ली आ रही थी फ्लाइट
इस बार भी आरोपी नशे में था.
.webp?width=210)
पैरिस से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ़्लाइट में नशे में धुत्त एक शख़्स ने महिला पर पेशाब कर दी. दो दिनों में ऐसी दूसरी घटना सामने आई है. इससे पहले, 26 नवंबर 2022 को एयर इंडिया की फ़्लाइट में एक व्यक्ति ने एक बूढ़ी महिला पर पेशाब कर दी था. इस वाक़ये की ख़बर 4 जनवरी को सामने आई और आज, 6 जनवरी को ये दूसरी ख़बर आई.
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, घटना 6 दिसंबर की है. एयर इंडिया की फ़्लाइट 142 की. आरोपी ने नशे की हालत में महिला के कंबल पर पेशाब कर दी. रिपोर्ट में ये बात है कि आरोपी केबिन क्रू की बात नहीं मान रहा था. घटना के बाद विमान के पायलट ने इस बारे में इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया.
हवाईअड्डे के अधिकारियों ने न्यूज़ एजेंसी PTI को बताया कि विमान सुबह करीब 9:40 पर दिल्ली में उतरा और उतरते ही आरोपी पुरुष को CISF ने पकड़ लिया. अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि आरोपी नशे की हालत में था. हालांकि, बाद में दोनों यात्रियों के बीच 'आपसी समझौता' और आरोपी की 'लिखित माफ़ी' के बाद उसे जाने दिया गया. पीड़िता महिला ने शुरू में लिखित शिकायत की थी. लेकिन फिर उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया.
पिछले मामले में आरोपी कौन था?इससे पहले जो इस तरह का मामला आया था, उसमें आरोपी की पहचान हो गई है. राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा. संबंधित क़ानून के तहत मामले में फ़ौरन मुक़दमा दर्ज करने और एक बुज़ुर्ग महिला को मानसिक आघात पहुंचाने के दोषी के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. NCW ने एयर इंडिया लिमिटेड की भूमिका पर भी सवाल उठाए. पीड़ित महिला ने भी आरोपी के साथ केबिन क्रू की शिकायत की थी. लिखा था कि क्रू मेंबर्स असंवेदनशील थे. इसके लिए एयर इंडिया के क्रू की चूक की जांच करने के लिए एक आंतरिक समिति का भी गठन किया गया है.
आजतक के अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक़, आरोपी मुंबई का रहने वाला है. नाम शेखर मिश्रा है. उम्र 40-45 साल के क़रीब है. आरोपी को गिरफ़्तार करने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं. एयर इंडिया ने आरोपी पर 30 दिनों का प्रतिबंध लगा दिया है.
वीडियो: RTI में खुलासा, बिकने के बाद भी सरकार पर एयर इंडिया की 302 करोड़ का उधारी!

