हिंद महासागर के अंदर से 11 साल बाद सामने आएगा रहस्य? फ्लाइट MH370 की खोजबीन फिर शुरू
MH370 Search Operation: मलेशिया के ट्रांसपोर्ट मंत्री एंथनी लोके ने 25 फरवरी को कहा था कि समुद्र के भीतर जांच करने वाली फर्म ओशन इनफिनटी ने लापता विमान की खोज फिर से शुरू कर दी है. तलाश कितने समय तक चलेगी, इस बारे में अभी कुछ तय नहीं हुआ है.

मलेशिया एयरलाइंस के विमान MH370 की तलाश (MH370 Search Operation) एक बार फिर शुरू कर दी गई है. ये विमान करीब 11 साल पहले गायब हुआ था. समुद्र के नीचे ऑपरेशन चलाने वाली कंपनी ‘ओशन इनफिनटी’ ने नए सिरे से फ्लाइट की खोज शुरू की है. US और UK में मौजूद इस कंपनी ने साल 2018 में तलाशी अभियान चलाया था. लेकिन कामयाब नहीं हुई थी.
मार्च 2014 में मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट MH370 ने कुआलालंपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी. विमान को बीजिंग जाना था. फ्लाइट में 12 केबिन क्रू और 227 पैसेंजर समेत कुल 239 लोग सवार थे. उड़ान के तुरंत बाद MH370 रडार से गायब हो गया था. आधिकारिक जांच तीन साल बाद ही बंद कर दी गई थी. लेकिन अब फिर नए सिरे से जांच शुरू की गई है.
द गार्जियन ने मलेशिया के ट्रांसपोर्ट मंत्री एंथनी लोके के हवाले से जांच फिर से शुरू होने की पुष्टि की है. 25 फरवरी को मंत्री ने कहा था कि समुद्र के भीतर जांच करने वाली फर्म ओशन इनफिनटी ने लापता विमान की खोज फिर से शुरू कर दी है. तलाश कितने समय तक चलेगी, इस बारे में अभी कुछ तय नहीं हुआ है.
पिछले साल दिसंबर में मलेशियाई सरकार ने कहा था कि वो MH370 की नई सिरे से खोज शुरू करने के लिए सहमत हो गई है. ट्रांसपोर्ट मंत्री ने कहा था कि ओशन इनफिनटी लापता विमान के लिए दक्षिणी हिंद महासागर के 15,000 वर्ग किलोमीटर के नए क्षेत्र को खंगालेगी.
लोके ने पहले कहा था कि नई खोज ओशन इनफिनटी की पिछली खोज की तरह ही ‘कोई खोज नहीं, कोई फीस नहीं’ के सिद्धांत पर होगी. इसके तहत सरकार सिर्फ तभी पैसे देगी जब फर्म फ्लाइट को ढूंढ लेगी. यह तय हुआ था कि अगर फर्म विमान को ढूंढ लेती है तो मलेशियाई सरकार उसे 70 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 609 करोड़ रुपये) देगी. कॉन्ट्रैक्ट 18 महीने के लिए था.
ये भी पढ़ेंः नीचे ‘बरमूडा ट्रायंगल’ नहीं था, फिर जहाज़ हवा में कैसे ग़ायब हुआ?
उधर, पीड़ित परिवारों ने फ्लाइट की दोबारा खोज शुरू किए जाने का स्वागत किया है. हादसे में अपनी मां को खोने वाली एक महिला ने कहा,
ये राहत की बात है. हम खुश हैं कि इतने लंबे वक्त के बाद खोज फिर से शुरू हो रही है.
MH370 फ्लाइट सुपरवाइजर की पत्नी ने कहा, “हम बस यह जानना चाहते हैं कि विमान कहां है और उस दिन क्या हुआ था. हमें आज भी ऐसा लगता है जैसे ये कल ही बात हो. कई यादें आज भी हमारे दिमाग में ताजा हैं.”
फ्लाइट के गायब होने के बाद मलेशियाई सरकार ने जांच शुरू की थी. तीन साल तक चली जांच में दक्षिणी हिंद महासागर के 1,20,000 वर्ग किलोमीटर के हिस्से की खाक छानी गई. लेकिन विमान के बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई. इसके बाद 2017 में तलाश बंद कर दी गई. बावजूद इसके अब भी कई सवाल बने हुए हैं. उनमें से एक अहम सवाल ये है कि फ्लाइट ने इंडियन ओशन की तरफ नियंत्रित तरीके से अपना रास्ता क्यों बदला? उम्मीद की जा रही है कि 11 साल बाद दोबारा शुरू की गई खोज में कई सवालों के जवाब मिलेंगे.
वीडियो: सोशल लिस्ट : Maniac से हटा था रागिनी विश्वकर्मा का नाम, T-Series, Yo Yo Honey Singh पर लगे थे कैसे आरोप?

