मेरठ: युवक की हुई हत्या, BJP नेता ने कहा- मारने वाले दूसरे समुदाय से, पुलिस ने बताया पूरा सच
एसपी केशव कुमार ने आगे बताया कि इस मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने जो तहरीर दी है, उसमें दो आरोपी अलग समुदाय के हैं और दो उन्हीं की बिरादरी के हैं.

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) का मेरठ (Meerut). यहां का परीक्षितगढ़ थाना इलाका. इलाके में रविवार, 15 मई को एक युवक की सरेआम हत्या कर दी गई. आरोप है कि चुनावी रंजिश के चलते इस अपराध को अंजाम दिया गया. मृतक को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का कार्यकर्ता बताया जा रहा है. हत्या में सांप्रदायिक एंगल को भी लाया जा रहा है. इधर, पुलिस ने चुनावी रंजिश और सांप्रदायिक एंगल से अलग कुछ और बताया है.
क्या है मामला?इंडिया टुडे से जुड़े उस्मान चौधरी की रिपोर्ट के मुताबिक, वैभव त्यागी नाम के युवक की 15 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक 24 साल का था और परीक्षितगढ़ थाना इलाके के खेड़ा गांव का रहने वाला था. रिपोर्ट के मुताबिक, वैभव के परिजनों की तरफ से दर्ज कराई गई FIR में कहा गया कि यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान वैभव की गांव में रह रहे कुछ लोगों से कहासुनी हो गई थी. इस कहासुनी के बाद वैभव ने थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी थी.

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम के बाद मेरठ किठौर के पूर्व बीजेपी विधायक सतवीर त्यागी ने मौके पर पहुंचकर बड़े आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि वैभव त्यागी बीजेपी का सपोर्टर और कार्यकर्ता था. त्यागी ने ये भी आरोप लगाया कि चुनावी रंजिश के तहत वैभव की हत्या की गई है और आरोपियों को समाजवादी पार्टी का संरक्षण प्राप्त है. रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व विधायक ने कहा कि हत्या से कुछ देर पहले ही वैभव को जान से मारने की धमकी मिली थी. इसकी शिकायत करने वो थाने जा रहा था. रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि वैभव की हत्या के आरोपी दूसरे समुदाय से ताल्लुक रखते हैं.
पुलिस ने बताया पूरा सचइस मामले में इंडिया टुडे से जुड़े उस्मान चौधरी ने मेरठ के एसपी देहात केशव कुमार से बात की. उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड की जांच की जा रही है. केशव कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले गन्ना काटने को लेकर गांव के ही कुछ युवकों से वैभव का विवाद हो गया था. इसके बाद गांव के लोगों ने ही दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था. हालांकि, कुछ दिन बाद फिर से झगड़ा हो गया.
एसपी केशव कुमार ने आगे बताया कि इस मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने जो तहरीर दी है, उसमें दो आरोपी अलग समुदाय के हैं और दो उन्हीं की बिरादरी के हैं. इस मामले के एक आरोपी फिरोज को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है.
वीडियो-मेरठ के पास ट्रेन में लगी आग, यात्रियों ने धक्का मारकर अलग किए डिब्बे

