The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Maryam Nawaz action in Lahore manhole pakistan noida Yuvraj Mehta delhi kamal pit death

पाकिस्तान के लाहौर में युवराज मेहता जैसी घटना हुई, पता है CM मरियम नवाज ने क्या किया?

Maryam Nawaz: पड़ोसी देश Pakistan के Lahore में एक खुले मैनहोल में गिरकर महिला और उसकी बच्ची की मौत हो गई थी. इस पर वहां की पंजाब सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है.

Advertisement
pic
7 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 7 फ़रवरी 2026, 11:38 PM IST)
maryam nawaz, pakistan, pakistan manhole, manhole women died, noida, noida yuvraj mehta, delhi, delhi kamal
पाकिस्तान में युवराज मेहता जैसी एक घटना पर सीएम मरियम नवाज ने कड़ा एक्शन लिया था. (ITG)
Quick AI Highlights
Click here to view more

दिल्ली जल बोर्ड के खोदे गए गड्ढे में गिरकर 25 साल के कमल ध्यानी की मौत के बाद इस मामले में सिर्फ एक गिरफ्तारी हुई है. सब कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को पुलिस ने अरेस्ट किया है. इसके अलावा कॉन्ट्रैक्टर और दिल्ली जल बोर्ड के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. नोएडा में भी इसी तरह के एक हादसे में 16-17 जनवरी 2026 की रात युवराज मेहता की मौत हो गई थी. मेहता अपने दफ्तर से घर वापस आ रहे थे, तभी अपनी चारपहिया गाड़ी समेत वह एक पानी भरे गड्ढे में जा गिरे. प्रशासन की कथित लापरवाही के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका. 

बाद में इस मामले में तीन लोगों पर जिम्मेदारी तय की गई. MZ विशटाउन प्रोजेक्ट के अभय कुमार और दो अन्य बिल्डरों को केस में आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया. लेकिन कोर्ट के आदेश पर फिलहाल तीनों जेल से बाहर हैं.

इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की गिरफ्तारी का इंतजार है. दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हुए दोनों दर्दनाक हादसों में यही कार्रवाई हुई. लेकिन क्या आपको पता है कि कुछ दिन पहले पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी एकदम ऐसी ही एक घटना देखने को मिली थी. लाहौर में एक खुले मैनहोल में गिरकर महिला और उसकी बच्ची की मौत हो गई थी. इस पर वहां की पंजाब सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है.

द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, 29 जनवरी 2026 को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर में ये हादसा हुआ था, जहां 24 साल की महिला सादिया और उसकी 10 महीने की बेटी रिदा फातिमा लाहौर के दाता दरबार के पास एक खुले मैनहोल में गिर गईं. सूचना मिली तो प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. 10 इमरजेंसी वाहनों और 25 रेस्क्यू कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ खोज अभियान चलाया गया. पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर सबसे पहले सादिया का शव सीवर में मिला. 16 घंटे बाद बच्ची का शव भी बरामद कर लिया गया.

इस घटना ने वहां के लोगों को झकझोर कर रख दिया. पंजाब की सीएम मरियम नवाज घटना के समय शहर से बाहर थीं. वापस लौटते ही उन्होंने घटना को संज्ञान लिया और एयरपोर्ट पर ही अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई. इसके बाद उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई रहम न दिखाते हुए तत्काल सख्त एक्शन लिए. इस सिलसिले में उन्होंने ट्रैफिक इंजीनियरिंग एंड प्लानिंग एजेंसी (TEPA) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर जाहिद हुसैन, प्रोजेक्ट मैनेजर अहमद नवाज, सेफ्टी इंचार्ज दानियाल और प्रोजेक्ट मैनेजर असगर संधू को गिरफ्तार करने के आदेश दे दिए. 

इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ने ये भी निर्देश दिया कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार ठेकेदार मृत महिला के परिवार को 1 करोड़ पाकिस्तानी रुपये (करीब 32.27 लाख भारतीय रुपये) का मुआवजा भी देगा. उन्होंने पंजाब के आईजीपी डॉ. उस्मान अनवर को गिरफ्तारी के बाद अनुपालन रिपोर्ट पेश करने को कहा और इलाके के वाटर एंड सेनिटेशन एजेंसी (WASA) इंचार्ज को भी बर्खास्त करने का आदेश दिया.

ये घटना लाहौर के उस इलाके में हुई जहां टूरिस्ट बड़ी संख्या में आते हैं. वहां इस तरह की लापरवाही को मरियम नवाज ने आपराधिक बताया और कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों को सजा भुगतनी ही होगी. किसी को भी इंसाफ से बचने नहीं दिया जाएगा. 

लाहौर में ये हादसा ऐसे समय में हुआ है, जब वहां पर मैनहोल के ढक्कन चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही हैं. इसकी वजह से तमाम हादसों के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिस पर लोगों का गुस्सा भी दिखा.

ये सब देखते हुए मरियम नवाज ने ऐलान किया कि अब मैनहोल के ढक्कन चुराने, खरीदने या बेचने वालों को 1 से 10 साल की जेल और भारी जुर्माना लगेगा. मरियम ने पूरे पंजाब में मैनहोल पर नए ढक्कन लगाने के आदेश दिए हैं और ये तय करने को कहा है कि वो ऐसे मैनहोल हों, जिन्हें बेचा न जा सके. कुछ जिलों में GPS ट्रैकर वाले कवर लगाने की योजना भी चर्चा में है, ताकि चोरी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. 

वीडियो: वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड को चटाई धूल, ठोके 15 चौके और 15 छक्के

Advertisement

Advertisement

()