BJP सांसद कंगना रनौत ने विवादित कृषि कानूनों की वापसी की मांग की, वजह भी बताई
मीडिया से बातचीत में मंडी से BJP सांसद Kangana Ranaut ने कहा कि किसानों को खुद तीनों कृषि कानून वापस लाने की डिमांड करनी चाहिए. अब कांग्रेस ने कंगना के इस बयान पर जवाब दिया है.

हिमाचल प्रदेश के मंडी से BJP सांसद ने कंगना रनौत ने तीन कृषि कानूनों पर बयान दिया है. वही कृषि कानून जिनके खिलाफ किसानों का विरोध प्रदर्शन हुआ था. और बाद में, मोदी सरकार ने उन तीनों कृषि कानूनों को वापस ले लिया था. अब कंगना रनौत ने कहा है कि वो कृषि कानून किसानों के हित में थे और उन्हें वापस लाया जाना चाहिए. कंगना रनौत के मुताबिक किसानों को खुद इसकी मांग करनी चाहिए. ये बातें कंगना ने 23 सितंबर को मंडी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं.
कंगना रनौत ने कहा,
“किसानों के जो कानून निरस्त हो गए हैं, वो फिर से लगने चाहिए. हो सकता है कि ये विवादास्पद हो जाए. लेकिन मुझे लगता है किसानों के हितकारी कानून वापस आने चाहिए. किसानों को खुद इसकी डिमांड करनी चाहिए...ताकि हमारे किसान की समृद्धि में ब्रेक न लगे.”
सांसद कंगना ने कहा कि कृषि कानूनों पर कुछेक राज्यों में ही किसानों ने आपत्ति जताई थी. उन्होंने कहा, "मैं उन किसानों से अपील करती हूं कि वे सब किसानों के हित को ध्यान में रखकर कृषि कानूनों की मांग करें."
ये भी पढ़ें- हरियाणा चुनाव की वजह से टाली जा रही कंगना की 'इमरजेंसी', कोर्ट ने CBFC को लगाई लताड़
कांग्रेस बोली- 'मोदी और उनके सांसद…'कृषि कानूनों पर कंगना के इस बयान पर कांग्रेस ने निशाना साधा है. पार्टी ने X पर कंगना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा,
"किसानों पर लादे गए 3 काले कानून वापस लाने चाहिए
:- BJP की सांसद कंगना रनौत ने ये बात कही
देश के 750 से ज्यादा किसान शहीद हुए, तब जाकर मोदी सरकार की नींद टूटी और ये काले कानून वापस हुए.
अब BJP के सांसद फिर से इन कानून की वापसी का प्लान बना रहे हैं.
कांग्रेस किसानों के साथ है. इन काले कानून की वापसी अब कभी नहीं होगी, चाहे नरेंद्र मोदी और उनके सांसद जितना जोर लगा लें."

बता दें कि साल 2020 में मोदी सरकार की ओर से तीन कृषि कानून लाए गए थे. किसानों ने लगभग एक साल तक इन कानूनों का विरोध किया था. इसके बाद नवंबर, 2021 में पीएम मोदी ने इन कानूनों को वापस लेने का एलान किया था और फिर इन्हें रद्द कर दिया गया था.
वीडियो: बैठकी: कंगना रनौत ने क्यों कहा कि 'PM मोदी से वक्त नहीं मिला', बॉलीवुड पर भी बहुत कुछ बोला है

