मेट्रो में सो रही महिला के कपड़ों में लगाई आग, बेंच पर बैठ जलता हुआ देखता रहा शख्स, USA की घटना
दिल को दहला देने वाली ये घटना New York के Brooklyn इलाके में हुई. अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम डिपार्टमेंट ने बताया कि आरोपी Sebestian Zapeta ने अवैध रूप से USA में एंट्री ली थी.

अमेरिका के न्यूयॉर्क से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है. यहां एक शख्स ने एक महिला को मेट्रो ट्रेन के भीतर आग से जलाकर मार दिया गया. ये पूरी घटना रविवार 22 दिसंबर की सुबह न्यू यॉर्क के ब्रुकलिन में हुई. यहां के स्टिलवेल सबवे अवेन्यू स्टेशन (Stillwell Subway Avenue Station) में सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर आरोपी सेबेस्टियन ज़पेटा ने एक लाइटर का इस्तेमाल कर एक महिला के कपड़ों में आग लगा दी. कुछ ही सेकेंड में महिला के कपड़ों में पूरी तरह आग लग गई. उसे जलता देख पास में मौजूद पुलिसकर्मी और कर्मचारी आए पर तब तक देर हो चुकी थी.
न्यू यॉर्क पुलिस के मुताबिक 33 साल का सेबेस्टियन, ग्वाटेमाला (Guatemala) से अवैध रूप से आया एक प्रवासी है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसमें दिख रहा है कि सेबेस्टियन पहले धीरे से महिला के पास पहुंचता है. महिला को देख कर लग रहा है कि वो सो रही है. जैसा लोग अक्सर मेट्रो में सोते हैं. इसके बाद सेबेस्टियन ने लाइटर निकाला और महिला के कपड़ों में आग लगा दी.
न्यू यॉर्क की पुलिस कमिश्नर जेसिका टिस्क ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया
"उसके आग लगाते ही कुछ ही सेकेंड्स में महिला के कपड़ों ने आग पकड़ ली. एक इंसान दूसरे इंसान के प्रति कितना क्रूर अपराध कर सकता है, ये घटना उसकी सच्चाई बयां करती है."
एबीसी न्यूज़ की एक रिपोर्ट के मुताबिक महिला को आग से जलाने के बाद सेबेस्टियन पास में ही एक बेंच पर बैठा था. वो अफसरों और कर्मचारियों को आग बुझाते देखता रहा. पर महिला की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद कई घंटे तक सेबेस्टियन मेट्रो में घूमता रहा. उसे कुछ घंटे बाद गिरफ्तार किया जा सका.
अवैध एंट्रीमहिला को जिंदा जलाने और आगजनी करने के मामले में सेबेस्टियन पर हत्या और आगजनी का मुकदमा दर्ज किया गया है. अमेरिका के इमिग्रेशन एंड कस्टम डिपार्टमेंट के प्रवक्ता जेफ कार्टर ने बताया कि सेबेस्टियन ज़पेटा ने अवैध रूप से अमेरिका में एंट्री ली थी. 2018 में भी उसे एक बार अमेरिका से बाहर निकाला जा चुका है. अभी तक ये साफ नहीं है कि ज़पेटा पहले से महिला को जानता था या नहीं? पर पुलिस का कहना है कि दोनों की एक दूसरे से कोई पहचान नहीं थी.
मामले की जांच के लिए न्यू यॉर्क के गवर्नर कैथी होचल ने न्यू यॉर्क नेशनल गार्ड्स को घटनास्थल पर भेजा है. नेशनल गार्ड्स इस मामले की जांच में पुलिस की मदद करेंगे. बीते साल गवर्नर होचल ने मेट्रो ट्रेन के हर डिब्बे में कैमरा लगाने के प्रस्ताव का समर्थन किया था. उन्होंने इसके लिए फंडिंग में भी सहायता की थी. मेट्रोपोलिटन ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर माइकल कैंपर ने कहा कि कैमरों की बदौलत ही आरोपी का पता लगा कर उसे इतनी जल्दी ट्रैक कर लिया गया.
वीडियो: दुनियादारी: क्या अमेरिका पनामा नहर पर करेगा क़ब्ज़ा? ट्रंप की धमकी, चीन क्यों भड़का?

