आंख के पास भिनभिनाती मक्खी को मारा, आंख ही निकलवानी पड़ गई
मक्खी के मरने के एक घंटे बाद वू की बायीं आंख लाल हुई, सूजी और दर्द करने लगी. वू डॉक्टर के पास गए. जहां उन्हें पता चला कि उन्हें सीज़नल कंजंक्टिवाइटिस हुआ है. दवा लेने के बावजूद वू की हालत बिगड़ती गई और उनकी आखों की रोशनी भी जाने लगी.

किसी को छोटा समझना कितनी बड़ी भूल हो सकती है, ये एक शख्स ने अपनी आंख खोकर जाना. उसने मक्खी को मारा था. अब जिंदगी भर पछताएगा. कई लोग अक्सर ऐसा करते हैं. आसपास कोई मक्खी-मच्छर भिनभिना रहा हो तो, उसे मार देते हैं. चीन के इस शख्स ने भी ऐसा ही किया. लेकिन उसे ऐसा करना बहुत भारी पड़ गया. इतना भारी कि डॉक्टर्स को उसकी आंख निकालनी पड़ी.
चीन की न्यूज़ वेबसाइट साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) के मुताबिक वू नाम का ये व्यक्ति चीन के दक्षिणी प्रांत गुआंगडोंग के शेनझेन इलाके का रहने वाला है. उसके आसपास एक मक्खी भिनभिना रही थी. उसने मक्खी को मार दिया. लेकिन फिर कुछ ऐसा हुआ जो बहुत दिलचस्प और वू के लिए बेहद दर्दनाक रहा. मक्खी वू के ऊपर उड़ रही थी. मरने पर उनके ऊपर आ गिरी.
इसके एक घंटे बाद वू की बायीं आंख लाल हुई, सूजी और दर्द करने लगी. वू डॉक्टर के पास गए. वहां उन्हें पता चला कि उन्हें सीज़नल कंजंक्टिवाइटिस हुआ है. लेकिन दवा लेने के बावजूद वू की हालत बिगड़ती गई. धीरे-धीरे उनकी आखों की रोशनी भी जाने लगी.
रिपोर्ट के मुताबिक वू का दोबारा चेकअप हुआ, तब डॉक्टर्स ने उन्हें बताया कि उन्हें इंफेक्शन हुआ है. जिसे दवाइयों से नहीं रोका जा सकता है. इस इंफेक्शन से उनकी आंख और उसके आस-पास गंभीर रूप से अल्सर हो गए हैं. और ये इंफेक्शन उनके सिर में भी पहुंच सकता है. इसलिए उनकी पूरी बाईं आंख निकालनी पड़ेगी.
यह भी पढ़ें: Live शो में एंकर निगल गई 'मक्खी', वायरल वीडियो पर लोग कह रहे कि इनकी तो सैलरी बढ़ानी चाहिए
बाद में वू की सर्जरी हुई जिसमें उनकी आंख निकाली गई. डॉक्टर्स ने बताया कि टेस्ट रिपोर्ट्स में पता चला है कि वू की आंख में इंफेक्शन मक्खी के लार्वा से हुआ था. बाद में डॉक्टर्स ने यह भी सलाह दी कि मक्खियां पानी में, घरों में अंधेरे, बाथरूम, बाथटब, सिंक और रसोई में पाई जाती हैं. इनके ऊपर कई बैक्टीरिया होते हैं. इसलिए अगर ये आपकी आंख के पास उड़ती हैं तो शांत रहें और उसे मारने की कोशिश न करें. उसे धीरे से दूर भगाएं और शरीर का जो हिस्सा उसके संपर्क में आया उसे पानी या नमक के पानी से धो लें.
विशेषज्ञों का कहना ये भी है कि ऐसे कीड़ों को खत्म करने का सबसे अच्छा तरीका बाथरूम, रसोई और अन्य नमी वाले क्षेत्रों को साफ और सूखा रखना है. कहीं पर भी पानी और मलबे को तुरंत हटाना है. इसके अलावा, नालियों और शौचालयों की नियमित सफाई और उन्हें साफ रखना भी ज़रूरी है.
वीडियो: सेहत: कुछ लोगों को मच्छर ज्यादा काटते हैं, डॉक्टर से कारण जान लीजिए

.webp?width=60)

