The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • man allegedly killed elder brother fight over tomato gujarat

बड़े भाई ने टमाटर तोड़ लिए, छोटे भाई ने पलटकर चाकू मार दिया!

टमाटर के बदले खून, भाई-भाई में चाकूबाजी

Advertisement
pic
17 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 17 जनवरी 2023, 05:57 PM IST)
man allegedly killed elder brother fight over tomato Gujarat
आरोपी भाई मासिराम (फोटो-आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

गुजरात के नर्मदा जिले में मामूली बात पर हुई लड़ाई में शख्स की जान चली गई. खेत से टमाटर तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या पर जाकर खत्म हुआ. छोटे भाई ने कथित तौर पर बड़े भाई की हत्या कर दी (Man Killed Brother over Tomatoes Gujarat). पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है. आगे की कार्रवाई जारी है.

आज तक से जुड़े नरेंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना जिले के सागबारा तहसील में धवलीवेर गांव की है. आरोपी का नाम मासिराम कायला वसावा बताया जा रहा है जो कि खेती का काम करता था. वो यहां अपने बड़े भाई काशीराम के साथ रहता था.

टमाटर तोड़ ले जाता था भाई

खबर है कि मासिराम के खेत में टमाटर की फसल हुई थी और काशीराम कथित तौर पर खेत से हर रोज कुछ टमाटर तोड़कर ले जाता था. ये बात मासीराम को पसंद नहीं थी.

रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार, 15 जनवरी की दोपहर को काशीराम छोटे भाई के खेत पर टमाटर तोड़ने पहुंचा था. इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. पहले बहस शुरू हुई फिर देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई होने लगी. इसी बीच छोटे भाई ने चाकू उठा लिया और काशीराम पर चाकू से कई वार किए. काशीराम की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. सागबारा पुलिस इंस्पेक्टर पीवी पाटिल ने आजतक को बताया,

“बड़ा भाई काशीराम छोटे भाई मासीराम के खेत से टमाटर तोड़ कर ले जाता था. टमाटर तोड़ने को लेकर ही दोनों भाईयों के बीच में विवाद हुआ था. इस दौरान मासीराम ने चाकू मारकर काशीराम की हत्या कर दी.”

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है. साथ ही मृतक काशीराम के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है.

वीडियो: 7 साल पहले परिवार ने शव पहचाना, मर्डर केस में लड़का जेल भी गया, अब लड़की ज़िंदा निकली!

Advertisement

Advertisement

()