The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Mahua Moitra Parliament login ID accessed from US

महुआ मोइत्रा का संसद वाला अकाउंट अमेरिका से भी लॉगइन हुआ था?

Mahua Moitra रिश्वत लेकर संसद में सवाल पूछने के आरोप से घिरी हैं. BJP सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया था कि महुआ ने अपनी लॉगइन डिटेल्स बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी के साथ शेयर की थीं. अब नई जानकारी आई है.

Advertisement
pic
24 नवंबर 2023 (अपडेटेड: 24 नवंबर 2023, 07:09 PM IST)
tmc mp mahua moitra login id accessed in america new jersey bengaluru
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के लॉगइन आईडी को लेकर नई जानकारी. (तस्वीर:PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

‘रिश्वत’ लेकर संसद में सवाल पूछने के आरोप से घिरीं तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra) के लॉगइन क्रेडेन्शियल्स (यूजर आईडी, पासवर्ड) को लेकर नया दावा सामने आया है. इस मामले में पहले भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया था कि महुआ मोइत्रा ने संसद से जुड़ी लॉगइन डिटेल्स बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी के साथ शेयर की थीं. अब सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि टीएमसी सांसद की संसद वाली आईडी सिर्फ दुबई ही नहीं, अमेरिका में भी खोली गई थी.

महुआ की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट में सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्रालय (MeitY) के हवाले से बताया गया है कि महुआ का संसद वाला अकाउंट अमेरिका के न्यू जर्सी से भी लॉगइन किया गया था. इसके अलावा अकाउंट को बेंगलुरु से भी लॉगइन किए जाने की बात सामने आई है. रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने बताया कि जिस वक्त ये अकाउंट विदेश से लॉगइन हुए थे, उस दिन महुआ मोइत्रा कोलकाता और दिल्ली में थीं.

बता दें, सांसद मोइत्रा अपनी लॉगइन आईडी बिजनेसमैन हीरानंदानी को देने की बात को खुद स्वीकार कर चुकी है. हीरानंदानी ने भी इस मामले में दाखिल किए गए हलफनामे में स्वीकारा था कि महुआ ने उन्हें संसद की अपनी लॉगइन आईडी  दी थी ताकि वो उनकी जगह सवाल पूछ सकें.

हालांकि, इंडिया टुडे से हुई एक्सक्लूजिव बातचीत में महुआ का कहना था कि हीरानंदानी खुद सवाल सबमिट नहीं कर रहे थे. उन्होंने कहा था, 

“हीरानंदानी के पास मेरी लॉगइन आईडी थी. लेकिन सवाल अपलोड करने के बाद ओटीपी मेरे मोबाइल पर आता था. जिसे देने के बाद ही सवाल सबमिट होते थे. ऐसे में हीरानंदानी का खुद से सवाल पूछे जाने की बात हास्यास्पद है.”

संसद में बनाया गया नया नियम

महुआ मोइत्रा से जुड़े विवाद के बाद लोकसभा सचिवालय ने संसद में लॉगइन एक्सेस के नियमों में बदलाव कर दिया है. इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, अब संसद पोर्टल का लॉगइन केवल सांसदों तक ही सीमित रहेगा. उसका उपयोग उनके पर्सनल सेक्रेट्री या कोई अन्य व्यक्ति नहीं कर सकेगा. सांसद अब अपने लॉगइन आईडी का ओटीपी भी किसी के साथ शेयर नहीं कर सकेंगे.

वीडियो: 'टाइगर 3' के प्रमोशन के दौरान सलमान खान ने अपनी निजी ज़िंदगी और स्टारडम के बारे में क्या बताया

Advertisement

Advertisement

()