The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Maharashtra FDA cancelled the manufacturing license of Johnson Baby Powder

जॉनसन एंड जॉनसन का लाइसेंस रद्द, महाराष्ट्र सरकार ने कहा- बाजार से वापस मंगाओ पाउडर

कंपनी के खिलाफ यह कार्रवाई कोलकाता के सेंट्रल ड्रग्स लैबोरेटरी की रिपोर्ट आने के बाद की गई है.

Advertisement
Johnson & Johnson Maharashtra
जॉनसंस बेबी पाउडर (फाइल फोटो- रॉयटर्स)
pic
साकेत आनंद
17 सितंबर 2022 (अपडेटेड: 17 सितंबर 2022, 03:52 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

महाराष्ट्र सरकार ने जॉनसन एंड जॉनसन बेबी पाउडर के मैन्यूफैक्चरिंग लाइसेंस को रद्द कर दिया है. ये फैसला पाउडर के तय मानकों पर सही नहीं पाए जाने के बाद लिया गया है. हालांकि अमेरिकी कंपनी जॉनसन एंड जॉनसन ने पिछले महीने घोषणा की थी कि वह बेबी पाउडर बनाना और बेचना पूरी तरह बंद कर देगी. महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने कंपनी का लाइसेंस रद्द करते हुए एक बयान जारी किया. इसमें कहा गया कि जॉनसंस बेबी पाउडर छोटे बच्चों की स्किन को खराब कर सकता है.

सेंट्रल ड्रग्स लैबोरेटरी में सैंपल फेल

महाराष्ट्र FDA के मुताबिक, पुणे और नासिक से पाउडर के जो सैंपल लिए गए थे वो गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे. FDA ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 के तहत कंपनी को शो-कॉज नोटिस जारी किया है और पूछा है कि कंपनी का लाइसेंस क्यों नहीं रद्द किया जाना चाहिए. साथ ही जॉनसंस बेबी पाउडर के स्टॉक को बाजार से वापस लेने को कहा गया है.

कंपनी के खिलाफ यह कार्रवाई कोलकाता के सेंट्रल ड्रग्स लैबोरेटरी की रिपोर्ट आने के बाद की गई है. रिपोर्ट में कहा गया था कि पाउडर का सैंपल pH मानकों के हिसाब से नहीं है. FDA ने कहा कि इससे पहले जॉनसन एंड जॉनसन ने सरकारी रिपोर्ट को स्वीकार नहीं किया था.  कंपनी ने सैंपल को सेंट्रल ड्रग्स लैबोरेटरी भेजने के लिए कोर्ट में चुनौती दी थी. जिसके बाद इसे कोलकाता भेजा गया था.

जॉनसन एंड जॉनसन पर कई सारे केस

एफडीए ने अपने बयान में कहा कि कंपनी के इस प्रोडक्ट का इस्तेमाल नवजात बच्चों के लिए किया जाता है. ऐसे में खराब प्रोडक्ट के इस्तेमाल से बच्चों की स्किन प्रभावित हो सकती है. इसलिए पब्लिक हेल्थ को देखते हुए मुंबई के मुलुंड स्थित जॉनसन एंड जॉनसन के मैन्यूफैक्चरिंग लाइसेंस को रद्द किया जाता है.

जॉनसन एंड जॉनसन अमेरिका और कनाडा में दो साल पहले ही बेबी पाउडर की बिक्री को बंद कर चुकी है. अमेरिका में कंपनी कई कानूनी विवादों का सामना कर रही है. आरोप है कि उसके प्रोडक्ट में एस्बेस्टस है जिससे कैंसर होता है. हालांकि कंपनी अब तक कहती आई है कि उसके प्रोडक्ट सुरक्षित हैं. इन विवादों के कारण बेबी पाउडर की बिक्री दुनिया भर में कम हो गई. इसके बाद कंपनी ने पिछले महीने कहा था कि वह 2023 से पाउडर को बनाना और बेचना पूरी तरह बंद करेगी.

खर्चा-पानी: जॉनसन एंड जॉनसन ने बेबी पाउडर की बिक्री बंद करने का फैसला क्यों लिया?

Advertisement

Advertisement

()