महाविकास अघाड़ी की आधी से ज्यादा सीटों पर सहमति बनी, जिन पर फंसा पेंच, उन पर क्या फैसला हुआ?
Maharashtra Assembly Election News : बताया गया कि 228 में से लगभग 120-130 सीटों पर महाविकास अघाड़ी (MVA) की पार्टियों की सहमति बन गई है. पर विधानसभा की बाकी सीटों का क्या होगा?

नवंबर में संभावित महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को देखते हुए महाविकास अघाड़ी (MVA) की अहम बैठक हुई. सूत्रों ने बताया है कि 228 सीटों वाले विधानसभा में लगभग 120-130 सीटों के लिए शुरुआती बंटवारे पर सहमति बन गई है (Maha Vikas Aghadi seat-sharing). पहले दौर की चर्चा में गठबंधन के नेता शिवसेना उद्धव बाला साहेब ठाकरे (UBT) से संजय राउत और अनिल देसाई, कांग्रेस से नाना पटोले, विजय वडेट्टीवार और बालासाहेब थोराट और NCP (शरद पवार) से जयंत पाटिल, जितेंद्र अव्हाड और अनिल देशमुख शामिल रहे.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक के बांद्रा के सोफिटेल होटल में हुई इस मीटिंग में तीनों घटक दलों के बीच विधानसभा चुनावों के लिए सहमति बन गई है. 20 सितंबर को चार घंटे चली बैठक में मुंबई-कोंकण, मराठवाड़ा, पश्चिम महाराष्ट्र और उत्तर महाराष्ट्र के हर निर्वाचन क्षेत्र पर विस्तार से चर्चा की गई है. समझौते के तहत पार्टियों ने 2019 के विधानसभा चुनाव में जिन सीटों पर जीत दर्ज की थी, ज़्यादातर सीटों पर वही पार्टियां चुनाव लड़ेंगी. हालांकि, क़रीब 10 से 20 फ़ीसदी सीटों (यानी 30-40 सीटों) में बदलाव किया जाएगा.
जिन सीटों पर एक से ज़्यादा पार्टी दावा करेंगी, उनमें किस पार्टी के पास सबसे मजबूत उम्मीदवार है, इसका आकलन करने के लिए एक टीम नियुक्त करने का फ़ैसला भी किया गया है. सूत्रों ने बताया कि अगली बैठक में विदर्भ की 62 सीटों पर भी चर्चा की जाएगी. वहीं, सीटों के अंतिम बंटवारे की घोषणा भी जल्द से जल्द कर दी जाएगी.
ये भी पढ़ें - क्या चुनाव तक फिर एक हो जाएंगे शरद पवार और अजित पवार?
बताते चलें, विपक्षी गठबंधन ने 48 लोकसभा सीटों में से 31 पर परचम लहराया था. जबकि सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन सिर्फ़ 17 सीटें ही हासिल कर पाया था. ऐसे में MVA की पार्टियों को आगामी चुनावों में मजबूत प्रदर्शन करने की उम्मीद है. दूसरी तरफ़, एकनाथ शिंदे ने भी 16 सितंबर को कहा था कि महायुति गठबंधन में सीट बंटवारे को 8 से 10 दिनों में अंतिम रूप दे दिया जाएगा. ऐसे में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की जंग दिलचस्प होने वाली है.
वीडियो: महाराष्ट्र में शिंदे सरकार ने दी यूनिफाइड पेंशन स्कीम को मंजूरी, कब से लागू होगी?


