महाराष्ट्र के अकोला में दंगे में एक शख्स की मौत हुई, इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर हुआ था विवाद
धारा 144 लगाई गई है.

महाराष्ट्र के अकोला में दो गुटों में झड़प में एक शख्स की मौत हो गई. बवाल में दो पुलिसकर्मियों सहित 8 लोगों के घायल होने की खबर है. मामला 13 मई की रात साढ़े 11 बजे का है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पूरा बवाल एक सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ. विवादित पोस्ट को लेकर हुए हंगामे में दो गुटों में भीषण झड़प हुई. पथराव हुआ. गाड़ियों में आग लगा दी गई. इसके बाद पुलिस ने 26 आरोपियों को हिरासत में ले लिया और धारा 144 लगा दी गई.
अकोला के SP संदीप घुगे ने बताया कि ये पूरा विवाद सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ. इसके बाद हुई झड़प में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विवाद शांत कराने गई पुलिस पर भी पथराव हुआ. जिसमें दो पुलिसकर्मी चोटिल हो गए.
बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर एक धार्मिक पोस्ट को लेकर हुए विवाद में पहले एक गुट ने पुलिस स्टेशन जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई. लेकिन इसी दौरान भीड़ बेकाबू हो गई. भीड़ ने तोड़फोड़ शुरू हो गई. कुछ देर बाद दूसरा गुट भी सड़क पर हुड़दंग मचाने लगा.
ASP मोनिका राउत ने बताया कि दोनों गुट एक दूसरे पर पत्थरबाजी कर रहे थे. इस दौरान कुछ गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया. उन्होंने बताया कि बवाल को शांत कराने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े. विवाद के बाद इलाके में पुलिस की भारी तैनाती की गई है. अमरावती जिले से एक हजार स्टेट रिज़र्व पुलिस बल को अकोला भेजा गया है. फिलहाल पुलिस के मुताबिक इलाके में शांति स्थापित है.
पुलिस के मुताबिक दंगे में जिस शख्स की मौत हुई उसका नाम विलास गायकवाड है. मृतक के परिवार ने FIR दर्ज कराई है. पुलिस ने अबतक इस मामले में दो केस दर्ज किए हैं.
वीडियो: छत्तीसगढ़ में किसकी चूक से भड़क रहे धार्मिक दंगे?

.webp?width=60)

