'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' की पूर्व ब्रांड एंबेसडर बोलीं, 'ससुराल वाले दहेज मांगते हैं, खेलने नहीं देते'
महिला पहलवान ने ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज कराया.

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की एक महिला पहलवान ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज कराया है. शिकायत दर्ज कराने वाली पहलवान का नाम रानी राणा (Rani Rana) है. रानी राणा ग्वालियर जिले में केंद्र सरकार की 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना की ब्रांड भी एंबेसडर रह चुकी हैं. जानकारी के मुताबिक रानी राणा ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
इंडिया टुडे के सर्वेश पुरोहित की रिपोर्ट के मुताबिक पहलवान रानी राणा ने ग्वालियर के मुरार थाने में FIR दर्ज कराई है. FIR में रानी राणा ने आरोप लगाया है कि उनके ससुराल वालों ने उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया. उन्हें खेलों में शामिल होने से रोकने की भी कोशिश की. ग्वालियर के एडिशनल SP सिटी (सेंट्रल) ऋषिकेश मीणा ने इस मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि रानी राणा ने अपने पति, ससुर और सास के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
ASP ऋषिकेश मीणा ने बताया कि शुरुआत में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सुलह कराने की कोशिश की थी. इसके लिए पति-पत्नी की काउंसलिंग भी कराई गई थी. अधिकारी ने कहा कि लेकिन यह काम नहीं किया. पहलवान रानी राणा की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पति, सास-ससुर के खिलाफ FIR दर्ज की. मामले में आगे की जांच जारी है.
रानी राणा ने आरोप लगाया है कि दहेज के लिए उनके साथ मारपीट की गई. न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक रानी राणा के पति एक जिम के डायरेक्टर हैं. रानी राणा का आरोप है कि उनके पति जिम के लिए उनसे पैसे मांगे और पैसे नहीं देने पर उनके साथ मारपीट की गई.
रानी राणा ग्वालियर के मुरार इलाके में अपने माता-पिता के साथ रह रही हैं. वह कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मध्य प्रदेश के लिए गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं.
ये भी पढ़ें- बृजभूषण के खिलाफ दी थी गवाही, अब WFI अध्यक्ष के चुनाव में ताल ठोकने वाली ये पहलवान कौन है?
वीडियो: जमघट: नरोत्तम मिश्रा मध्य प्रदेश में मॉब लिंचिंग पर क्रिया-प्रतिक्रिया का नियम क्यों समझाने लगे?

