VIDEO: 45 हजार की सैलरी वाले के यहां करोड़ों की संपत्ति, जूलरी, कैश... छापा मारने वाले भी चौंक गए!
घर के अंदर मॉड्यूलर किचन, लाखों रुपयें की कीमत वाला झूमर, फ्रिज, टीवी के अलावा कीमती सोफे और शोकेस भी मौजूद थे.

मध्य प्रदेश में एक रिटायर्ड स्टोर कीपर के घर लोकायुक्त ने 8 अगस्त को छापा मारा. छापे की अबतक की कार्रवाई में 10 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति, 46 लाख की जूलरी, मंहगी घड़ियां और करीब 20 लाख कैश मिला है. आरोपी पहले राजगढ़ जिला अस्पताल में स्टोर कीपर के पद पर थे. उनकी सैलेरी उस समय 45 हजार रुपये प्रति महीना थी.
SP लोकायुक्त मनु व्यास ने इंडिया टुडे से जुड़े रवीश पाल सिंह को बताया कि अशफाक अली पहले राजगढ़ जिला अस्पताल में स्टोर कीपर के पद पर काम करते थे. उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिली थी. अशफाक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. अब तक की जांच में अशफाक अली, उनके बेटे जीशान अली, शारिक अली, बेटी हिना कौसर और पत्नी रशीदा बी के नाम पर 16 अचल संपत्तियों की खरीद के रिकॉर्ड मिले हैं. इनकी कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये है. 50 से ज्यादा अन्य अचल संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है. उन्होंने कहा,
"अशफाक अली का जब रिटायरमेंट हुआ था, तब उनकी सैलरी करीब 45 हजार रुपये प्रति महीना थी. इसके बाद टीम ने छापेमारी की तो उनके पास आय की तुलना से अधिक संपत्तियां मिली हैं."
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने 8 अगस्त को लटेरी और भोपाल में एक साथ कार्रवाई की है. लोकायुक्त भोपाल की दो टीमें अशफाक अली के ग्रीन वैली कॉलोनी भोपाल स्थित घर और लटेरी स्थित घर पर छापेमारी कर रही हैं. अब तक की कार्रवाई में लटेरी में करीब 1 एकड़ जमीन पर चार बिल्डिंग, 14 हजार वर्गफीट का शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और करीब 2500 वर्गफीट का आलीशान मकान बनाने की योजना थी.
घर में लाखों का सामानरिपोर्ट के मुताबिक, अशफाक के भोपाल के एयरपोर्ट रोड वाले घर पर जब रेड की तो उसके अंदर मंहगा सामान था. घर के अंदर मॉड्यूलर किचन, लाखों रुपयें की कीमत वाला झूमर, फ्रिज, टीवी के अलावा कीमती सोफे और शोकेस मौजूद थे. छापेमारी में करीब 46 लाख की जूलरी, मंहगी घड़ियां और करीब 20 लाख कैश मिला है.
अशफाक ने लटेरी में मुश्ताक मंजिल नाम से एक तीन मंजिला इमारत बनाई है. इस इमारत को किराए पर देकर एक निजी स्कूल भी चलाया जा रहा है.
वीडियो: करोड़ों का बंगला, गाड़ियां, 30 लाख की TV...30 हजार सैलरी वाली MP इंजीनियर के यहां क्या-क्या मिला?

