प्रवासी सम्मेलन में लंदन के डिप्टी मेयर सहित कई को गेट पर रोका, NRI बोले- जगह नहीं तो बुलाया क्यों?
फिर CM शिवराज 70 देशों से आए लोगों से बोले- 'माफ कर दो, हॉल छोटा है'

इंदौर (Indore) के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर (Brilliant convention Centre) के हॉल की क्षमता दो हजार लोगों की है. सोमवार, 9 जनवरी को यहां 17वां प्रवासी सम्मेलन आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने भी हिस्सा लिया. प्रधानमंत्री मोदी को सुनने और इस प्रवासी सम्मेलन में भाग लेने के लिए 70 देशों से करीब 3500 से ज्यादा प्रवासी (NRI) भारतीय पहुंचे थे.
लेकिन, प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहुंचने से पहले ही हंगामा हो गया. दो हजार सीटों की क्षमता वाले हॉल में करीब तीन-चार हजार लोगों की भीड़ आई तो आयोजकों ने कई प्रवासियों को अंदर जाने से रोक दिया. रोके गए प्रवासियों से बोला गया कि वो मेगा स्क्रीन पर कार्यक्रम देखें. जिसके बाद प्रवासियों ने जमकर हंगामा काटा और आयोजकों की आलोचना की. सम्मेलन के कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें प्रवासी अपनी प्रतिक्रिया देते नजर आ रहे हैं.
एक वीडियों में अमेरिका से आई जूली जैन कहती हैं,
लंदन के डिप्टी मेयर को भी रोका‘ये बहुत शर्मनाक है, हमसे बोला जा रहा है कि आप कार्यक्रम टीवी पर देखिए, अगर हमें कार्यक्रम टीवी पर ही देखना होता तो हम इतने पैसे खर्च करके यहां क्यों आते. हॉल के दरवाजे ये कह के बंद कर दिए गए कि अंदर जगह नहीं है. सरकार के कितने लोग अंदर बैठे हुए हैं. क्या यही सरकार का अतिथी देवो भवः ऐसे होता है? ये बहुत ही शर्मनाक है.’
दैनिक भास्कर की खबर के मुताबिक ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में जाने से लंदन के डिप्टी मेयर (बिजनेस) राजेश अग्रवाल को भी रोका गया. अग्रवाल सुबह 10 बजे के करीब आयोजन स्थल पर पहुंचे थे. बताते हैं कि वो करीब 15 मिनट तक अंदर जाने के लिए संघर्ष करते रहे. बाहर मौजूद मीडिया के कुछ लोगों ने उन्हें पहचाना और सुरक्षाकर्मियों से इसे लेकर बात की.
काफी देर बाद अंदर के अधिकारियों को फोन लगाया गया. अग्रवाल खुद को मिला विदेश मंत्रालय का आमंत्रण पत्र भी दिखाते रहे. लेकिन, सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोके रखा. काफी देर बाद राजेश अग्रवाल को दूसरे गेट से अंदर दाखिल किया गया. खास बात ये है कि अग्रवाल का नाम उन खास मेहमानों की सूची में भी है, जिन्हें प्रधानमंत्री ने दोपहर भोज पर आमंत्रित किया है.
शिवराज सिंह चौहान ने इसपर क्या कहा?नाराज प्रवासी भारतीयों का गुस्सा देखकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा,
‘प्रवासी भारतीय सम्मेलन में पधारे सभी प्रवासी भाई-बहनों का स्वागत और अभिनंदन करता हूं. हॉल छोटा पड़ गया, लेकिन दिल में आपके लिए प्रेम और स्नेह की कोई कमी नहीं है.’
पीएम के सामने ही सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 17वां प्रवासी सम्मेलन के मंच पर भी प्रवासी भारतीयों से माफी मांगी.
वीडियो: एनआरआई लड़की से शादी करवाने का वादा किया, तीन लाख रुपए लिए, फिर बवाल हो गया

