नाच-गाने से भड़के काजी, निकाह कराने से मना किया, बोले- डीजे वाले से करवा लो शादी
काजी ने दूल्हे से कहा- आपने शैतान को खुश करने का काम किया.

शादी का सीजन चल रहा है. सीजन इसलिए क्योंकि आसपास गली-मोहल्लों में बहुत लोगों को बियाह करते देख रहा हूं. शादी हो रही है, तो ढिंचक डीजे भी बज रहा है. डीजे की तेज आवाज से अक्सर बुजुर्ग नाराज हो जाते हैं. उनका नाराज होना जायज भी है. तेज साउंड दिल की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए खतरनाक मानी जाती है. लेकिन मध्य प्रदेश के छतरपुर में डीजे ने निकाह कराने आए एक काजी को नाराज कर दिया. काजी इत्ते नाराज हो गए निकाह पढ़ने से ही इनकार कर दिया. बोले जाओ, डीजे वाले से निकाह पढ़वा लो.
आज तक से जु़ड़े लोकेश चौरसिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला छतरपुर के नौगांव का है. दो दिन पहले यहां एक बारात डीजे के साथ पहुंची थी. इसी पर निकाह कराने वाले काजी नाराज हो गए. निकाह कराने से इनकार करने वाले काजी का वीडियो भी वायरल हो रहा है. इसमें वे दूल्हे को कह रहे हैं कि पूरे शहर में हमलोगों को जवाब देना पड़ता है. दो-ढाई साल हो गए, तब से किसी की हिम्मत नहीं हुई शादी में ढोल-तासे बजाने और डीजे बजाने की.
काजी दूल्हे को हिदायत दे रहे हैं कि आप लोगों ने शहर के उलेमाओं का मजाक बना दिया, जैसे उनकी कोई हिम्मत नहीं. काजी बोल रहे हैं,
"नौकर मत समझो हमें. आपने शरियत का मजाक उड़ाया, उलेमा का मजाक उड़ाया, पूरे समाज का मजाक उड़ाया. ये बहुत गलत बात है. आप मस्जिद तक बैंड-बाजा लेकर चले गए. आपने शैतान को खुश करने का काम किया. ये तो खुदा के घर का मजाक हुआ."
इससे नाराज होकर उन्होंने निकाह पढ़ने से इनकार कर दिया. काजी की नाराजगी के बाद दोनों तरफ के लोग उन्हें मनाने में जुटे. करीब चार घंटे बाद काजी निकाह पढ़ने को राजी हुए. लेकिन उससे पहले उन्होंने दूल्हे से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई. दूल्हे से बोलने को कहा कि वे आज के बाद ऐसा कभी नहीं करेंगे.
छतरपुर की अंजुमन इस्लामिया कमेटी के हाजी शहजाद अली ने बताया कि यहां डीजे पर बैन है. स्थानीय उलेमाओं, काजी, अंजुमन कमिटी ने मिलकर ये तय किया था. ना कोई नाच-गाना होगा और ना ही मां-बहनें डांस करेगी. शहजाद अली के मुताबिक, नौगांव में जिनके यहां शादी थी, उनलोगों ने हमारे नियमों का उल्लंघन किया इसलिए निकाह नहीं पढ़ने की हिदायत दी जा रही थी.
शहजाद अली ने बताया कि शादी की तारीख जब तय होती है तभी परिवारवालों को बता दिया जाता है कि यहां डीजे पर बैन है, नाच-गाने पर बैन है. लेकिन कुछ लोग मनमानी करते हैं और नहीं मानते हैं. कोई अगर ऐसा दोबारा करता है तो उनके घरों में निकाह नहीं पढ़ा जाएगा. अगर नियम का उल्लंघन करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. कोई भी काजी इस शहर में ढोल-तासे के साथ निकाह नहीं पढ़ सकता है.
वीडियो: ज़नाना रिपब्लिक: स्वरा भास्कर की शादी पर घटिया ट्वीट्स करने वालों के लिए एंकर ने क्या बोल दिया?

