The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Madhya Pradesh Bulldozer drive against the accused who pelted stones on dalit groom procession

मध्य प्रदेश: दलित की बारात पर पत्थर फेंकने वालों के घर बुलडोजर चला

कांग्रेस ने लेकिन इसका विरोध क्यों किया?

Advertisement
pic
20 मई 2022 (अपडेटेड: 23 मई 2022, 02:03 PM IST)
Madhya Pradesh Bulldozer drive
Madhya Pradesh Bulldozer drive
Quick AI Highlights
Click here to view more

मध्य प्रदेश में एक बार फिर बुलडोजर चला है. इस बार राजगढ़ (Rajgarh Bulldozer Drive) जिले में प्रशासन ने 18 मकानों पर बुलडोजर चलाया है. उसका कहना है कि जीरापुर में 17 मई की रात मस्जिद के सामने बारात का बैंड बजाने को लेकर विवाद हुआ था. इसमें समुदाय विशेष के लोगों ने एक दलित की बारात पर पत्थर बरसाए थे. इसी मामले में 18 आरोपियों के मकानों को चिह्नित कर बुलडोजर चलाया गया है. वहीं अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. हालांकि इस कार्रवाई को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि असल में निर्दोष लोगों के मकान तोड़े जा रहे हैं.

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मामले को लेकर ट्वीट किया है. इसमें उन्होंने कहा,

'कुछ दिन पूर्व जीरापुर जिला राजगढ़ में अनुसूचित जाति की बारात पर कुछ शरारती तत्वों ने पत्थरबाज़ी की थी. उनकी मैं निंदा करता हूं. वे लोग गिरफ्तार भी हो गए. लेकिन अब निर्दोष लोगों के मकान तोड़े जा रहे हैं. निर्दोष लोगों को दंड देना उचित नहीं है.'

वहीं आजतक से जुड़े पंकज शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक जिले के एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि ये सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को लेकर की गई कार्रवाई है. उन्होंने बताया,

'जीरापुर वार्ड क्रमांक 4 में की गई कार्रवाई में 21 अतिक्रमणकारियों को चिह्नित किया गया था और उनमें से 18 मकानों पर बुलडोजर चला. इनमें से सभी वही आरोपी हैं, जिन्होंने दलित की बारात पर पथराव किया था. इन सभी के खिलाफ शिकायत मिली थी कि इन्होंने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर रखा था, जिसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई.'

जीरापुर में क्या हुआ था?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जीरापुर में एक दलित परिवार की बेटी के घर 17 मई की रात सुसनेर से बारात आई थी. आरोप है कि जब बारात मस्जिद के सामने से निकल रही थी तब कुछ लोगों ने मस्जिद के सामने बैंड बंद करने को कहा. इस पर बैंड वाले ने मस्जिद के सामने बैंड बंद कर दिया. लेकिन कुछ दूर जाने के बाद बाराती बैंड चालू कर नाचने लगे. तभी आरोपियों ने बारात पर पत्थरबाजी कर दी, जिससे कई बारातियों को चोटें आईं. घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया. अभी तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

 

Advertisement

Advertisement

()