BJP के पोस्टर पर PM मोदी और नेताओं के साथ राम मंदिर की तस्वीर, कांग्रेस की शिकायत पर बवाल!
कांग्रेस ने इन होर्डिंग्स पर आपत्ति जताई है और BJP के ख़िलाफ़ चुनाव आयोग से शिकायत की है.

मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव (MP Election 2023) के लिए वोटिंग होगी. चुनाव से पहले BJP ने प्रचार के लिए भोपाल और इंदौर में अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के होर्डिंग्स लगाए गए हैं. होर्डिंग्स पर लिखा है- ‘भव्य राम मंदिर बनकर हो रहा तैयार, फिर इस बार भाजपा सरकार.' कांग्रेस ने इन होर्डिंग्स पर आपत्ति जताई है और BJP के ख़िलाफ़ चुनाव आयोग से शिकायत की है. वहीं, BJP का कहना है कि होर्डिंग्स नहीं हटाए जाएंगे लेकिन कांग्रेस बताए कि राम मंदिर पर उसका दृष्टिकोण क्या है.
आजतक से जुड़े रवीश पाल और धर्मेंद्र शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक़, कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव से ठीक पहले शहरों में राम मंदिर के पोस्टर लगाना आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन हो रहा है. कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश सिंह यादव ने आजतक से बातचीत के दौरान कहा,
“इंदौर में राम मंदिर के पोस्टर साथ BJP नेताओं के फ़ोटो लगी हुई है. जबकि मंदिर सबका है. इसकी शिकायत कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की है.”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने भाजपा नेताओं पर FIR दर्ज कराने की मांग की है.
प्रियंका गांधी ने क्या कहा?कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 28 अक्टूबर को मध्य प्रदेश में चुनावी रैलियों को संबोधित कर रही हैं. प्रियंका ने इस मुद्दे पर कहा कि BJP सोचती है कि चुनाव के समय धर्म की बात करके उनकी नैया पार हो जाती है. BJP विकास की कोई बात नहीं करती है. वोट के लिए धर्म का मुद्दा उठाकर लोगों के जज्बात से खेलती है.
BJP का क्या कहना है?कांग्रेस के आरोपों के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने शिकायत की है उनको इससे दिक्कत क्या है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा,
“मैं सबसे पहले तो प्रियंका जी से यही सवाल पूछना चाहता हूं कि भगवान राम और भगवान राम के मंदिर से आपको क्या तकलीफ़ है? कांग्रेस ने चुनाव आयोग को शिकायत की है कि भगवान राम के मंदिर और महाकाल के पोस्टर्स को हटाया जाए. लेकिन राम तो रोम रोम में बसे हैं. भगवान राम के बिना इस देश का काम नहीं हो सकता. राम हों, महाकाल हो, यह कहीं से नहीं हटाए जा सकते लेकिन कांग्रेस बताएं उसका दृष्टिकोण क्या है.”
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को बैनर या होर्डिंग्स से दिक्कत नहीं है बल्कि उन्हें प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से दिक्कत है. कांग्रेस का सनातन से घृणा का स्तर इतना बढ़ गया है कि राम मंदिर के चित्रों से भी पीड़ा होने लगी है.
अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का उद्घाटन अगले साल 22 जनवरी को होना है. मंदिर के ग्राउंड फ्लोर का निर्माण दिसंबर के अंत तक पूरा होना है.
ये भी पढ़ें: राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित 5 राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान, नवंबर में कब-कहां चुनाव?

