The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • kolkata under construction building collapsed search underway

कोलकाता: झुग्गियों पर ढही 5 मंजिला इमारत, 2 लोगों की मौत, 10 लोगों को बचाया गया

Kolkata: स्थानीय लोगों ने ये भी आरोप लगाया है कि ये बिल्डिंग अवैध रूप से बनाई जा रही थी. भाजपा विधायक और विपक्ष के नेता Suvendu Adhikari ने भी आरोप लगाए हैं.

Advertisement
pic
18 मार्च 2024 (अपडेटेड: 18 मार्च 2024, 08:55 AM IST)
under construction building collapsed in kolkata
हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है. (तस्वीर साभार: X/सुवेंदु अधिकारी)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पश्चिम बंगाल के कोलकाता (Kolkata) में एक पांच मंजिला बिल्डिंग (under construction building collapsed) के ढहने से 2 लोगों की मौत हो गई है. खबर लिखे जाने तक कम-से-कम 10 लोगों को मलबे से निकाला गया है. जिन्हें इलाज के लिए कलकत्ता मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया है. वहीं मलबे में कई और भी लोगों के फंसे होने की आशंका है, जिन्हें बचाने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

इंडिया टुडे से जुड़े राजेश शाह की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना हजारी मोल्ला बागान इलाके की है. 17 और 18 मार्च की दरमियानी रात को यहां बिल्डिंग से कंक्रीट के कुछ टुकड़े गिरने लगे. बाद में पूरी बिल्डिंग ही ढह गई. बिल्डिंग का कुछ हिस्सा पड़ोस की घनी आबादी वाले झुग्गी-बस्तियों पर गिरा. जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई. खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है.

कोलकाता के पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल ने घटनास्थल पहुंचकर बचाव अभियान का जायजा लिया. एक पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया,

"मलबे में कुछ और लोग फंसे हो सकते हैं. हमने कुछ लोगों को बचाया है. बचाव अभियान अभी भी जारी है."

ये भी पढ़ें: हाउसिंग सोसायटी के स्विमिंग पूल में डूबने से बच्चे की मौत, वीडियो मां-बाप को परेशान करने वाला

स्थानीय लोगों ने एजेंसी को बताया कि बिल्डिंग के ढहते ही तेज आवाज हुई और आसपास धूल का घना ‘बादल’ छा गया. उन्होंने बताया कि बिल्डिंग का मलबा आसपास की झोपड़ियों पर गिरा. एक स्थानीय निवासी ने कहा,

"हालांकि, निर्माणाधीन बिल्डिंग में कोई नहीं रहता था. लेकिन ये बगल की झुग्गियों पर गिर गई. हमें डर है कि मलबे के नीचे अब भी कई लोग फंसे हो सकते हैं."

स्थानीय लोगों ने ये भी आरोप लगाया है कि ये बिल्डिंग अवैध रूप से बनाई जा रही थी.

भाजपा विधायक और विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने घटना को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफफॉर्म X पर एक पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा,

“हजारी मोल्ला बागान के गार्डन रीच- मेटियाब्रुज, केएमसी वार्ड नंबर 134 में अवैध रूप से बनी 5 मंजिला इमारत ढह गई है. यह विशेष क्षेत्र कोलकाता के माननीय मेयर और नगरपालिका मामलों के मंत्री के तथाकथित 'गढ़' के अंदर आता है.”

उन्होंने लिखा कि उनके पास पीड़ितों के परेशान करने वाले फोन कॉल्स आ रहे हैं. उन्होंने अधिकारियों से पीड़ितों को बचाने के लिए मदद की मांग की है.

वीडियो: आसान भाषा में: कोलकाता में देश की पहली अंडरवॉटर मेट्रो शुरू

Advertisement

Advertisement

()