The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Know everything about the cruise KM Ganga Vilas PM Modi going to flag off

PM मोदी जिस क्रूज़ का उद्घाटन करेंगे, उसका टिकट कितने का है और कहां मिलेगा?

वाराणसी से असम के डिब्रूगढ़ तक जाएगा क्रूज़.

Advertisement
pic
9 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 12 जनवरी 2023, 03:48 PM IST)
Ganga Cruise
क्रूज़ MV गंगा विलास. (क्रेडिट- ANI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) 13 जनवरी को वाराणसी में एक लग्ज़री क्रूज़ को हरी झंडी दिखाएंगे. ये क्रूज़ 51 दिन के सफर पर निकलेगा और 3200 किलोमीटर की यात्रा करेगा. लेकिन इतना जानने भर से काम नहीं चलेगा. अगर घूमने का प्लान बना रहे हैं और क्रूज़ में चढ़ना चाहते हैं तो क्रूज़ कहां-कहां जाएगा, कितने टूरिस्ट स्पॉट जाएगा और सबसे अहम क्रूज पर चढ़ने के लिए कितने का टिकट लगेगा? ये सब अभी जान लीजिए.

कहां-कहां जाएगा क्रूज़?

क्रूज़ का नाम है एमवी गंगा विलास. ये चलेगा वाराणसी से और जाएगा असम के डिब्रूगढ़ तक. और बीच में बांग्लादेश भी घूमाएगा. कुल 50 पर्यटन स्थल होंगे जहां ये क्रूज़ यात्रियों को लेकर जाएगा. पूरे सफर के दौरान क्रूज़ कुल 27 नदी प्रणालियों से होकर भी गुज़रेगा.

सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक क्रूज डिब्रूगढ़ पहुंचने से पहले बिहार में पटना, झारखंड में साहिबगंज, पश्चिम बंगाल में कोलकाता, बांग्लादेश में ढाका और असम में गुवाहाटी जैसे प्रमुख शहरों से गुजरेगा. और 1 मार्च को असम के डिब्रूगढ़ पहुंचेगा. केंद्रीय पोर्ट्स, शिपिंग और वॉटरवेज़ मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि ये क्रूज़ काशी से सारनाथ, माजुली से मेयोंग और सुंदरबन से काजीरंगा तक घुमाएगा. यह एक लाइफटाइम एक्सपीरियंस देगा. उन्होंने कहा कि ये क्रूज़, रिवर क्रूज़ टूरिज़्म को बढ़ावा देगा.

कितना बड़ा है क्रूज़?

ये क्रूज़ 62 मीटर लंबा है और 12 मीटर चौड़ा है. इसमें तीन डेक हैं. 18 स्वीट्स यानी लग्ज़री कमरे हैं. जिनमें 36 गेस्ट रह सकते हैं. इसमें दुनिया की तमाम सुख सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. सर्बानंद सोनोवाल के मंत्रालय के अंतर्गत इस क्रूज को निजी ऑपरेटरों द्वारा मैनेज किया जा रहा है.

पीएम मोदी इस क्रूज़ को 13 जनवरी को रवाना करेंगे. लेकिन पहली खेप के यात्रियों के लिए 10 तारीख को ही यात्रा शुरू हो जाएगी. पहले तीन दिन यात्रियों को वाराणसी की साइट सीइंग कराई जाएगी.

टिकट कितने का है?

इस क्रूज़ का टिकट खरीदना सबके बस की बात नहीं है. टिकट बहुत महंगा है. इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक क्रूज़ में यात्रा करने के लिए हर यात्री को हर रोज़ 25 हजार रुपये देने होंगे. यानी 51 दिन के इस सफर के लिए हर यात्री को 12 लाख 75 हजार रुपये देने होंगे. 

फिलहाल 13 जनवरी से इस क्रूज़ पर 32 यात्री घूमने निकलेंगे. ये सभी स्विट्ज़रलैंड के हैं.

वीडियो: क्रूज ड्रग्स केस : आर्यन खान का बड़ा सवाल; शाहरुख़ ने नम आंखों से NCB के संजय सिंह से क्या कहा था ?

Advertisement

Advertisement

()