केरल: चोरी के आरोप में बिहार से आए प्रवासी मजदूर को इतना पीटा, कि उसकी मौत हो गई
पोस्टमॉर्टम में शरीर पर आई चोटों से खुलासा हुआ कि ये सब एक भीड़ का किया था.

केरल के मलप्पुरम जिले में भीड़ ने चोरी के आरोप में एक प्रवासी मजदूर की पीट-पीट कर हत्या कर दी. घटना 13 मई की है. पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया है. मृतक प्रवासी मजदूर राजेश मांझी बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के माधवपुर का रहना वाले थे.
इंडिया टुडे से जुडे़ संतोष क्रिस्टी की रिपोर्ट के मुताबिक राजेश एक चिकन फार्म में काम करते थे. मलप्पुरम के SP सुजीत दास ने कहा,
‘13 मई की रात राजेश मांझी (गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक) मोहम्मद अफज़ल के घर के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गये. आरोपियों ने चोरी के संदेह में राजेश से पूछताछ की, उसके हाथ पैर बांधे. पीटने के लिए पाइप और लकड़ी के डंडे का इस्तेमाल किया. जिससे उनके सीने, पसलियों और कूल्हों में गंभीर चोटें आईं. उन्हें दो घंटे से अधिक समय तक प्रताड़ित किया गया. वो बेहोश हो गए और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद वहां पुलिस पहुंची और उन्हें स्थानीय अस्पताल लेकर गई. जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. बाद में उनके शरीर को कोझिकोड के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ट्रांसफर किया गया. जहां पोस्टमॉर्टम में शरीर पर कई चोटों का पता चला, जिससे भीड़ के हमले का खुलासा हुआ.’
उन्होंने ये भी बताया कि इस मामले में कोंडोट्टी SP की एक स्पेशल टीम मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं. जिसमें पुलिस को आरोपियों द्वारा खुद बनाए पिटाई के वीडियोज़ मिले हैं. इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तार किए हुए लोगों ने पहले दावा किया था कि राजेश की मौत एक बिल्डिंग से गिरने से हुई. लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि चोरी करने की कोशिश में राजेश एक बिल्डिंग की पहली मंजिल से गिर गया था. बिल्डिंग से गिरने के बाद आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट की.
वीडियो: प्लेन में मारपीट के बाद अब नशे में औरत पर पेशाब करने का मामला कहां से आया?

.webp?width=60)

