कोबरा के मुंह से बच्चे को खींच लाई मां, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो कर्नाटक के मांडया जिले का बताया जा रहा है.

कोबरा (King Cobra) भारत में पाए जाने वाले सबसे जहरीले सांपों में से एक है. अब अगर कोबरा आपके पास आ जाए तो आपकी हवाइयां उड़ना तय है. ये जानकारी हमने आपको इसलिए दी क्योंकि कोबरा से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल है. वीडियो में दिख रहा है कि एक बच्चा घर से निकलता. वो ये नहीं देख पाता कि उसके पैर के नीचे सांप है. जैसे ही सांप बच्चे को काटने वाला होता है, तभी उसकी मां बच्चे को दूर खींच लेती है. इंडिया टुडे ने अपने ट्विटर पर ये वीडियो शेयर किया है. पहले आप वीडियो देखें-
वायरल वीडियो कर्नाटक के मांडया जिले का बताया जा रहा है. दरअसल, मां-बेटे दोनों अपने घर से बाहर निकल रहे थे कि तभी बाहर बनीं सीढ़ी के नीचे कोबरा सांप रेंग रहा था. बच्चा घर से बाहर सीढ़ी के नीचे रेंग रहे सांप को नहीं देख पाया, और सांप पर पैर रखने ही वाला होता है. माइक्रो सेकेंड का अंतर भी नहीं होता और वो सांप पीछे हट जाता है. उसके बाद कोबरा अपना फन उठा लेता है. काटने को तैयार ही था, तभी बच्चे की मां की नजर उस पर पड़ती है. मां बच्चे को पकड़कर सांप की पहुंच से दूर खींच लेती है. इसके बाद सांप वहां से जाता नजर आ रहा है.
अब सोशल मीडियो पर वीडियो को लेकर खूब प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. लोग लगातार मां की तारीफ में पोस्ट लिख रहे हैं. लोग मां के प्रजेंस ऑफ माइंड की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
अर्जुन नाम के ट्विटर यूज़र ने लिखा कि, मां धरती पर भगवान का रूप होती है.
प्रशांत रेड्डी ने लिखा कि, बच्चा भाग्यशाली था. कोबरा पीछे हट गया. ऐसा जान पड़ता है जैसे वो काटना नहीं चाहता था. मां और कोबरा दोनों को सलाम.
मैक्स निकोलस नाम के एक यूज़र ने लिखा कि मां के जज्बे को सलाम.
खैर, मां की सूझबूझ से मां और बच्चा दोनों सही सलामत है और सोशल मीडिया पर मां खूब तारीफें बटोर रही हैं.

