The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Karnataka minister first praised Delhi Mohalla Clinic then went back on his word AAP replied

दिल्ली: मोहल्ला क्लीनिक पहुंचे कर्नाटक के मंत्री ने पहले तारीफ की, फिर बोले- 'इतना भी खास नहीं'

AAP बोली कि कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव को एक फोन आया, इसके बाद उन्होंने बयान बदल दिया.

Advertisement
pic
5 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 5 अगस्त 2023, 05:29 PM IST)
Karnataka Minister in Delhi Mohalla Clinic
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव 4 अगस्त को ग्रेटर कैलाश विधानसभा के पंचशील पार्क के एक मोहल्ला क्लीनिक का दौरा करने गए थे. (फोटो: @Saurabh_MLAgk)
Quick AI Highlights
Click here to view more

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस नेता दिनेश गुंडू राव दिल्ली आते हैं. यहां के एक मोहल्ला क्लीनिक का दौरा करते हैं. पहले तो मीडिया से बात करते हुए दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक की जमकर तारीफ करते हैं. लेकिन कुछ देर बाद अपनी बात से पलट जाते हैं. ट्वीट कर कहते हैं कि दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया. ये भी कहते हैं कि कर्नाटक के क्लीनिकों में दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिकों की तुलना में ज्यादा सुविधाएं हैं. दिल्ली की आम आदमी पार्टी भी जवाब देती है. कहती है कि कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री को किसी को कॉल आया था, जिसके कुछ देर बाद उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक की बुराई करते हुए ट्वीट किया.

पहले मोहल्ला क्लीनिक की तारीफ के बोल

आजतक के पंकज जैन की रिपोर्ट के मुताबिक कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव 4 अगस्त को ग्रेटर कैलाश विधानसभा के पंचशील पार्क के एक मोहल्ला क्लीनिक का दौरा करने गए थे. इस दौरान दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज भी उनके साथ थे. मोहल्ला क्लीनिका दौरा करने के बाद कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा,

"हमें मोहल्ला क्लीनिक के बारे में पहले से जानकारी थी. मोहल्ला क्लीनिक को चलते करीब छह साल हो गए हैं. मैं खुद देखना चाहता था कि यहां काम कैसा चल रहा है. हम कर्नाटक में कुछ इसी तरह के मॉडल के क्लीनिक चलाते हैं. यह मॉडल देखकर क्या हम उसमें कुछ बदलाव कर सकते हैं. इसी वजह से मैं यहां के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज के साथ यहां पहुंचा हूं."

उन्होंने आगे कहा,

"सभी राज्यों में कुछ न कुछ नया होता रहता है. हमें एक दूसरे से सीखने की जरूरत है. जैसे राजस्थान में स्वास्थ्य क्षेत्र में कुछ नया और बेहतर हो रहा है. उसे भी हम देखना चाहते हैं. कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल जैसे दक्षिण के राज्यों में स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर है, हमें सबसे सीखना चाहिए. मैंने यहां के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज को भी कर्नाटक बुलाया है. वहां भी बहुत कुछ ऐसा है, जो देखने सीखने लायक है. "

कुछ देर बाद के ट्वीट में सुर बदल गए

लेकिन बाद में कर्नाटक के मंत्री ने ट्वीट किया,

"दिल्ली में एक मोहल्ला क्लीनिक का दौरा किया, जहां मुश्किल से ही कोई था.

कर्नाटक के हमारे क्लीनिकों में अधिक सुविधाएं हैं, जिसमें मरीजों के तुरंत टेस्ट के लिए लैब भी हैं.

मुझे लगता है कि इसे (दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक को) बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है और मैं निराश (वहां से) होकर वापस आया."

AAP बोली मंत्री जी एक फोन आया, फिर…

इसके बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने आधिकारिक बयान जारी कर कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के ट्वीट का जवाब दिया. रिपोर्ट के मुताबिक AAP ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव को एक फोन आया. इसके बाद वह एक जरूरी मीटिंग की बात कहकर दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक से चले गए थे. इसके कुछ देर बाद उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक की बुराई करते हुए ट्वीट किया.

AAP ने कहा कि इस स्थिति में कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री ही बता सकते हैं कि उनके पास किसका फोन आया. AAP ने सवाल किया कि मोहल्ला क्लीनिक की तारीफ करने वाले कर्नाटक के मंत्री का बयान फोन आने के बाद क्यों गया.

वहीं कर्नाटक के क्लीनिक बेहतर होने के दिनेश गुंडू राव के दावे पर AAP ने अपनी एक टीम की ओर से कर्नाटक के नम्मा क्लीनिक का दौरा किए जाने की बात कही है.

‘कर्नाटक की नम्मा क्लीनिक सिर्फ नाम की’: AAP

रिपोर्ट के मुताबिक AAP की कर्नाटक टीम ने दिनेश राव के विधानसभा क्षेत्र गांधी नगर के एक नम्मा क्लीनिक का दौरा किया. यह क्लीनिक वॉर्ड नंबर 94 में स्थित है. आम आदमी पार्टी की कर्नाटक टीम ने पाया कि नम्मा क्लीनिक और प्राइमरी हेल्थ सेंटर दोनों के बोर्ड पास-पास ही लगे थे. AAP के मुताबिक वहां के लोगों से बातचीत में पता चला कि प्राइमरी हेल्थ सेंटर लंबे समय से बंद है. AAP की ओर कहा गया,

"नम्मा क्लीनिक सिर्फ नाम का ही है. इसे भाजपा सरकार ने शुरू किया था. इस क्लीनिक में बुखार जैसी कुछ बीमारियों का ही प्राथमिक उपचार किया जाता है."

AAP ने कहा कि कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश राव को अपने विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 94 के नम्मा क्लीनिक की जांच करनी चाहिए. AAP की कर्नाटक टीम ने कहा कि नम्मा क्लीनिक में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिसकी देखरेख एक प्राइवेट एजेंसी करती है.

INDIA के तहत साथ आए कांग्रेस और AAP की इस बयानबाजी को BJP ने निशाने पर लिया है. केंद्र की मोदी सरकार में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने ट्वीट किया,

"I.N.D.I.A उर्फ UPA का एक पार्टनर दूसरे पार्टनर के 'स्कैम' मोहल्ला क्लीनिक का दौरा कर रहा है और उससे प्रभावित नहीं हुआ."

मोहल्ला क्लीनिक पर अपना बयान बदलने के कारण दिनेश गुंडू राव को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है. वहीं कई लोग ये भी सवाल कर रहे हैं कि इस तरह विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस और AAP का साथ कब तक बना रहेगा.

वीडियो: दिल्ली अधयादेश वाले बिल पर AAP को कांग्रेस, BRS का साथ, 2024 चुनाव की दिशा तय करेगा?

Advertisement

Advertisement

()