एमपी में पत्रकार को पेड़ से बांधकर पीटा, कांग्रेस बोली- 'जंगलराज भी छोटा शब्द है'
पत्रकार की पिटाई का वीडियो सामने आया.

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) से एक पत्रकार को पेड़ से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना होशंगाबाद की है. पत्रकार की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक शख्स एक युवक को पेड़ से बांधकर उसे थप्पड़ और घूंसे मारते नज़र आ रहा है. जानकारी के मुताबिक पेड़ से बांधकर जिसकी पिटाई की गई, वो पेशे से पत्रकार है. नाम है प्रकाश यादव.
पत्रकार की पिटाई का वीडियोमध्य प्रदेश कांग्रेस ने इस घटना का वीडियो ट्विटर पर शेयर करते हुए बीजेपी पर निशाना साधते हुए लिखा,
मध्य प्रदेश फिर हुआ शर्मसार, नर्मदापुरम में एक पत्रकार की पेड़ से बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई. शिवराज जी, अब तो जंगलराज भी छोटा शब्द लगता है. “बीजेपी हटाओ, मध्य प्रदेश बचाओ”
घटना बीती 25 जनवरी की बताई जा रही है. पुलिस ने इसकी जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू की. शुरुआती जांच में पता चला है कि पीड़ित पत्रकार और आरोपियों के बीच कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर बहस हुई थी. उसी बहस का बदला लेने के लिए आरोपियों ने पत्रकार की पिटाई की.
सभी आरोपी गिरफ्तारNDTV की रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में पुलिस ने वीडियो में दिख रहे सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक पीड़ित पत्रकार ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पास के गांव से एक विज्ञापन की बुकिंग करके अपने गांव कोटगांव वापस जा रहे थे. इसी दौरान आरोपी नारायण यादव ने पत्रकार को बीच रास्ते रोक लिया. शिकायत में बताया गया है कि पत्रकार की नारायण यादव के साथ बीती 1 जनवरी कोई विवाद हो गया था. उसी विवाद को लेकर आरोपी ने पत्रकार को गाली देना शुरू कर दिया.
पत्रकार प्रकाश ने अपनी शिकायत में कहा कि जब उसने आरोपी को गाली देने से मना किया तो उसके भाई नरेंद्र यादव और कुछ अन्य लड़कों ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया. पुलिस ने मारपीट और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
वीडियो: भारत जोड़ो यात्रा सफल कैसे, राहुल गांधी ने पत्रकार को ये बताया

