The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Jarmundi Former MLA Devendra Kunwar, a video viral in which he is seen kicking a young

BJP के पूर्व विधायक ने युवक से उठक-बैठक करवाई, लात मारकर थूक चटवाया

युवक पर आरोप लगा कि वो नहाते समय महिलाओं का वीडियो बनाता था.

Advertisement
pic
8 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 8 अगस्त 2023, 10:37 PM IST)
 Jarmundi Former MLA Devendra Kunwar
युवक पर आरोप है कि वो महिलाओं का नहाते और शौच जाते समय वीडियो बनाता था. (फ़ोटो/वायरल वीडियो से स्क्रीनशॉट)
Quick AI Highlights
Click here to view more

झारखंड के जरमुंडी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो में जरमुंडी के पूर्व विधायक और BJP नेता देवेन्द्र कुंवर एक युवक को लात मारते हुए दिख रहे हैं. युवक कान पकड़कर उठक-बैठक भी कर रहा है. इसी बीच बीजेपी नेता ने युवक को कथित तौर पर उसका थूक भी चटवाया है. जिस युवक को पीटा जा रहा है, उस पर आरोप लगा कि वो महिलाओं का नहाते और शौच जाते समय वीडियो बनाता था. इसलिए “सज़ा के तौर पर” उसके साथ ऐसा किया गया. घटना के बाद से पीड़ित युवक लापता है.

आजतक के सत्यजीत कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, बातचीत के दौरान पीड़ित युवक के पिता रमजान शेख ने बताया कि उनके पास तीन साल पहले भी उनके बेटे की शिकायत आई थी. शिकायत में उन्हें बताया कि उनका बेटा नहाती हुई महिलाओं का वीडियो बनाता है. उन्होंने कहा, 

"उस दिन तो मेरा बेटा मोबाइल लेकर नहीं गया था. लेकिन पहले ये बात सामने आई थी कि वो नहाती हुई महिलाओं का वीडियो बनाता है. उस दिन जब मेरा बेटा पकड़ा गया तो माहौल बहुत खराब हो गया था. बाद में हम हमारे गार्जियन (पूर्व विधायक देवेंद्र कुंवर) के पास गए. उनको हमने बोला कि उचित फैसला कर दीजिए. उन्होंने फैसला किया कि मेरा बेटा एक साल के लिए यहां नहीं रहेगा. बाद में वो मेरे बेटे को अपने घर ले गए."

उन्होंने आगे बताया कि वायरल वीडियो में थूक चटवाने वाली बात गलत है. वो लोग इस फैसले से खुश हैं. उनके बेटे ने गलत काम किया जिसकी उसको सज़ा मिली है. और उन्होंने कहा कि दुकान को खाली करने का उनपर कोई दबाव नहीं है.  

वहीं, पूर्व विधायक देवेंद्र कुंवर ने आजतक से कहा कि मामला मुस्लिम समुदाय और हिंदू समुदाय के बीच था. युवक मुस्लिम समाज से है. युवक हिंदू समाज की महिलाओं की छुप-छुपकर वीडियो बनाता था. इसी बीच गांव के कुछ लोग युवक को उनके पास लेकर आए. उन्होंने कहा, 

“लोगों ने मुझे पंचायत बैठाने के लिए कहा था. बाद में युवक ने अपनी गलती मान ली थी. गांव के लोग दबाव बना रहे थे कि इसको थूक चटवाया जाए, सिर मुंडवाया जाए. लेकिन मैंने कहा कि ये बातें मानवाधिकार के खिलाफ़ हैं. इसलिए उसने सिर झुकाकर माफी मांगी फिर गांववालों का दबाव था तो मैंने उसको लात मारी. और बाद में अपने घर उसको बैठाया.”  

थूक चाटने की बात पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ था. लोग उनको बदनाम करने के लिए ऐसा बोल रहे हैं.

मामले में पीड़ित का एक दूसरा वीडियो भी वायरल है. जो स्थानीय लोगों ने बनाया है. वीडियो में लोग बोल रहे हैं कि यही वो लड़का है जो औरतों को शौच करते हुए देखता है. इतने में पीड़ित वहां से भाग जाता है. लेकिन लोग उसको वापस पकड़ लेते हैं. पीड़ित कहता है,

“मैं डर गया था इसलिए वहां से भाग रहा था. मैं वहां शौच करने ही आया था.”

वीडियो में पीड़ित को माफ़ी मांगते हुए भी देखा गया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नदी के पास जो महिलाएं नहाने जाती हैं, युवक उनका वीडियो बनाता था. युवक को पहले भी एक-दो बार पकड़ा गया है, जब फैसला हुआ था कि वो अब ऐसा नहीं करेगा.

बीजेपी के प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने आजतक से बातचीत में कहा कि कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है. पार्टी देखेगी की मामला क्या है? सजा देने के लिए कानून बने हैं.

इस मामले में अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है. उनकी तरफ से कोई बयान भी सामने नहीं आया है.

वीडियो: पेशाब कांड के बाद MP से एक और वीडियो वायरल, आदिवासी भाइयों को बांधकर 8 घंटे तक पीटा

Advertisement

Advertisement

()