लूट के लिए बुजुर्ग महिला की हत्या की, पुलिस ने लुटेरों की टूटी टांग के साथ शहर में परेड कराई
जयपुर के विद्याधर नगर में आरोपियों ने एक महिला के घर में घुसकर उनकी हत्या की और ज़ेवर लूट लिए. बाद में पुलिस ने आरोपियों की शहर में परेड कराई.

राजस्थान के जयपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. दो लड़कों के पैरों पर प्लास्टर चढ़ा हुआ है और पुलिसवाले उन्हें पकड़ कर गलियों में घुमा रहे हैं. पीछे पुलिस का पूरा दलबल साथ है. दरअसल, ये दोनों एक बुजुर्ग महिला की हत्या के आरोपी हैं और इनको पकड़ने के बाद पुलिस इनकी परेड करवा रही है. आरोपियों ने वारदात को 16 जनवरी को अंजाम दिया था. इसके कुछ ही घंटे बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था.
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक जयपुर के विद्याधर नगर में आरोपियों ने एक महिला के घर में घुसकर उनकी हत्या की और ज़ेवर लूट लिए. पुलिस को शाम साढ़े 7 बजे इस घटना की सूचना दी गई. उसने सीसीटीवी के आधार पर बताया कि दो संदिग्ध शाम साढ़े 5 बजे घर में घुसे थे. दोनों ने मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था और करीब डेढ़ घंटे तक वो घर पर ही रहे.
पुलिस का कहना है कि लूट के इरादे से घर की पहले रेकी भी गई थी जिसके बाद दो लोग घर में घुसे. इस दौरान घर में महिला से आरोपियों की मुठभेड़ हुई. उन्होंने महिला को मारा-पीटा. मृतक के शरीर में चोटों के निशान मिले हैं. बताया जा रहा है कि दम घुटने से उनकी मौत हो गई. लूटपाट के बाद दोनों वहां से फरार हो गए.
लेकिन पुलिस ने दोनों आरोपियों को 6 घंटे के अंदर ही राजस्थान के टोंक से पकड़ लिया. भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक टोंक से जयपुर लेकर आने के दौरान दोनों बदमाशों ने रास्ते में टॉयलेट जाने के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया और भागने की कोशिश की. पुलिस का कहना है कि पीछा कर पकड़ने के दौरान दोनों बदमाश गड्ढे में गिर गए. इससे दोनों के एक-एक पैर में फ्रैक्चर हो गया. आरोपियों को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां से छुट्टी मिलने के बाद ही पुलिस ने शहर की गलियों में दोनों की परेड कराई जिसका वीडियो अब खूब वायरल हो रहा है.
वीडियो: नोएडा में पुलिस ने पकड़ा 'लुटेरी दुल्हन गैंग', पैसे लेकर हो जाता था फरार

.webp?width=60)

