क्या सीनियर्स की रैगिंग के कारण गई जादवपुर यूनिवर्सिटी के छात्र की जान?
पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.

कोलकाता के जादवपुर यूनिवर्सिटी में फर्स्ट ईयर स्टूडेंट की मौत के मामले में पुलिस ने दो और छात्रों को गिरफ्तार किया है. हॉस्टल में छात्र की मौत के मामले में अब तक कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. आरोप है कि छात्र की रैगिंग की गई थी, उसे मानसिक तौर पर परेशान किया गया था. गिरफ्तार किए गए दो आरोपी यूनिवर्सिटी के ही छात्र हैं, वहीं एक आरोपी यूनिवर्सिटी का पूर्व छात्र है. इस पूर्व छात्र को मामले में मुख्य आरोपी बताया जा रहा है.
गिरफ्तार किए गए आरोपी कौन हैं?कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार, 11 अगस्त की शाम को मुख्य आरोपी सौरव चौधरी को गिरफ्तार कर लिया था. इंडिया टुडे के राजेश साहा की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी सौरव गणित विभाग से 2022 का पासआउट है. मुख्य आरोपी के बयान के बाद, कोलकाता पुलिस ने शनिवार 12 अगस्त की सुबह से हॉस्टल के लगभग 12 छात्रों को बुलाया और रात भर पूछताछ की. पूछताछ के बाद रविवार, 13 अगस्त की सुबह कोलकाता पुलिस ने दो और छात्रों को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी छात्र उसी हॉस्टल में रहते हैं, जहां फर्स्ट ईयर के छात्र की मौत हुई. इनके नाम दीपशेखर दत्त और मोनोतोष घोष है. 19 साल का दीपशेखर बंकुरा सदर का रहने वाला है. दीपशेखर दत्त इकोनॉमिक्स डिपार्टमेंट के सेकंड ईयर का छात्र है. 20 साल का मोनोतोष घोष हुगली का रहने वाला है. मनोतोष सोशियोलॉजी डिपार्टमेंट के सेकंड ईयर का छात्र है.
आरोपियों ने छात्र को परेशान कियापुलिस सूत्रों के मुताबिक पकड़े गए दोनों छात्र मौके पर मौजूद थे, जब नए साल के छात्रों के साथ कथित रैगिंग हुई. सूत्रों ने ये भी बताया कि दोनों आरोपी छात्रों ने मुख्य आरोपी सौरव चौधरी के कहने पर फर्स्ट ईयर के छात्र को मानसिक रूप से परेशान किया था.
पुलिस सूत्रों ने बताया,
"गिरफ्तार छात्र दीपशेखर और मनोतोष ने मृतक छात्र पर मानसिक रूप से दबाव डाला. इन दोनों ने मृतक छात्र को मानसिक रूप से परेशान किया था. हमने अपनी जांच के दौरान कथित रैगिंग में उनकी सीधी संलिप्तता पाई है. इसके बाद हमने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है."
कोलकाता पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल ने कहा,
हॉस्टल में रैगिंग हुई, प्रताड़ित किया गया"इस घटना में अब तक यूनिवर्सिटी के दो छात्रों और एक पूर्व छात्र सहित कुल 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जांच की निगरानी हमारे शीर्ष स्तर के अधिकारी कर रहे हैं. ज्वाइंट CP क्राइम खुद पुलिस स्टेशन जाकर मामले की जांच कर रहे हैं. डिटेक्टिव डिपार्टमेंट के होमिसाइड सेक्शन के हमारे अधिकारी भी जांच में शामिल हैं. उनकी कोशिश है कि जांच जल्द से जल्द पूरी हो."
एक अधिकारी ने इंडिया टुडे को बताया कि बांग्ला विभाग में फर्स्ट ईयर के छात्र को पहले मेन हॉस्टल में कमरा नहीं मिला था. फिर वह वहां मनोतोष घोष के गेस्ट के तौर पर रहने लगा. पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों ने मृतक छात्र को उनके बताए गए एक खास हेयर स्टाइल में बाल काटने को कहा था. हॉस्टल के A-2 ब्लॉक के कॉमन रूम में ले जाकर छात्र का इंट्रो लिया गया. छात्र को सीनियर्स के सामने इंट्रो में फिजिकल डिटेल देने को कहा गया था.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक 9 अगस्त को छात्र की मौत से पहले हॉस्टल में लगभग दो घंटे तक रैगिंग चली थी. रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया कि रात 8 बजे से 10 बजे तक छात्र पर "अपमानजनक और अश्लील टिप्पणियां" की गईं.
जानकारी के मुताबिक कथित रैगिंग के बाद नदिया जिले के बागुला क्षेत्र के रहने वाले छात्र की उसी रात 9 अगस्त को ही हॉस्टल में मौत हो गई थी. हॉस्टल के बाकी छात्रों को जब इसकी जानकारी मिली तो फौरन पीड़ित छात्र को अस्पताल ले जाया गया. 10 अगस्त को तड़के 3 बजकर 40 मिनट पर डॉक्टरों ने भी छात्र को मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक मृतक छात्र के पिता ने शिकायत की थी कि उनके बेटे की मौत के लिए हॉस्टल के कुछ सीनियर छात्र जिम्मेदार हो सकते हैं.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मुख्य आरोपी सौरव चौधरी को शनिवार, 12 अगस्त को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया था. कोर्ट ने सौरव को 22 अगस्त तक के लिए पुलिस हिरासत में भेजा है. वहीं आरोपी सौरव के वकील अरिंदम दास ने दावा किया कि सौरव साजिश का शिकार हुआ है. वकील के मुताबिक सौरव और मनोतोष ने मृतक को कमरा दिलाने में मदद की थी.
वीडियो: स्कूली छात्रा के सुसाइड के बाद बन्द रहे प्राइवेट स्कूल, जानिए वजह

