शहर के शहर डूबे, जगह-जगह धंसी जमीन, 100 साल में आई ऐसी भयानक बाढ़ की तस्वीरें देखिए
एक पूरे महाद्वीप में इमरजेंसी घोषित की गई है.

इटली में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ (Italy Floods) ने तबाही मचा दी है. नदी के किनारे बसे इलाकों में भूस्खलन के मामले भी सामने आए है. अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है. उत्तरी इटली के एमिलिया-रोमाग्ना इलाके में बाढ़ का सबसे ज्यादा असर दिखा है. हजारों लोगों को उनके घरों से निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है. फसलों को बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है. बताया जा रहा है कि इटली में आई ये बाढ़ा 100 साल में सबसे भयानक है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अधिकारियों ने बताया है कि बाढ़ ने 37 कस्बों और समुदायों को प्रभावित किया है. खबर है कि वहां भूस्खलन के लगभग 120 मामले दर्ज किए गए हैं. बोलोग्ना शहर के पास कम से एक पुल ढह गया और बाढ़ के पानी से कुछ सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं. कई रेल सेवाएं भी सस्पेंड कर दी गई हैं.
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग 5,000 से ज्यादा खेत पानी से भर चुके हैं. इनमें फ्रूट वैली का इलाका भी शामिल है.

इटली के इमोला में 21 मई को फॉर्मूला वन ग्रैंड प्रिक्स रेस होने वाली थी. ये इलाका बाढ़ से प्रभावित हुए क्षेत्रों के करीब है. इस वजह से रेस को रद्द कर दिया गया है.

एमिलिया-रोमाग्ना क्षेत्र के अध्यक्ष स्टीफानो बोनाक्सिनी ने मीडिया से कहा कि वो विनाशकारी घटनाओं का सामना कर रहे हैं जो शायद पहले कभी नहीं देखी गई हैं. भारी बारिश ऐसी जमीन पर हो रही है, जो इतना पानी सोखने में सक्षम नहीं है.

वहां के सिविल सुरक्षा मंत्री नेलो मुसुमेसी ने बताया कि कुछ जगहों में केवल 36 घंटों में ही औसत सालाना बारिश का आधा हिस्सा बरस चुका है.

रेवेना का एड्रियाटिक तटीय शहर बुरी तरह प्रभावित हुआ है. स्थानीय आंतरिक मंत्रालय के प्रतिनिधि ने कहा कि लगभग 14,000 लोगों को जल्द से जल्द क्षेत्र से निकाला जाएगा.

क्षेत्र के उपाध्यक्ष इरेन प्रियोलो ने मीडिया को बताया कि भले ही अब बारिश कुछ कम हो गई है लेकिन नदी का स्तर अभी भी बढ़ रहा है.

नागरिक सुरक्षा मंत्री मुसुमेसी ने बताया 23 मई को राहत उपायों पर विचार के लिए होने वाली कैबिनेट बैठक में वो प्रभावित क्षेत्र के लिए 20 मिलियन यूरो (करीब 178 करोड़ रुपये) देने की सिफारिश करेंगे.

सरकारी अधिकारियों ने बताया कि इमरजेंसी के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए टैक्स और लोन भी सस्पेंड कर दिए जाएंगे. इटली समेत पूरे यूरोप में मौसम से जुड़ी कई आपात स्थितियों की घोषणा की गई है.
वीडियो: सऊदी अरब में बाढ़ का वीडियो वायरल, सूखे से परेशान इलाके में बाढ़ कैसे आई?

.webp?width=60)

