इजरायली सेना की रेड में 11 फिलिस्तीनियों की मौत, बदले में बरसे रॉकेट, खून-खराबा और बढ़ेगा?
इजरायली सेना की रेड में 80 से ज्यादा फिलिस्तीनी घायल हुए हैं.

इज़रायल-फिलिस्तीन के बीच लड़ाई थम नहीं रही है. खबर है कि बुधवार, 22 फरवरी को इज़रायली सैनिकों ने वेस्ट बैंक में फिर रेड की (Israel Palestine Conflict). इस दौरान फिलिस्तीन के 11 लोगों की मौत हो गई. वहीं 80 से ज्यादा लोग घायल हो गए. अगले दिन ही गाजा के फिलिस्तीनी लड़ाकों ने दक्षिणी इज़रायल में रॉकेट दागे. इसके जवाब में इज़रायली विमानों ने भी गाजा में बम बरसाए.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 22 फरवरी को हुई रेड इज़रायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक के एक शहर नब्लस में हुई. इज़रायली सेना का कहना है कि छापा वेस्ट बैंक में गोलीबारी के आरोपी और संदिग्ध आतंकवादियों के ठिकाने पर किया गया था. इज़रायली सेना ने कहा,
क्या है विवाद?फिलिस्तीनी आतंकवादियों ने 23 फरवरी को तड़के देश के दक्षिण की ओर गाजा पट्टी से 6 रॉकेट दागे. हमने पांच रॉकेटों को रोक दिया जो कि एशकलोन और सडरोट शहरों की ओर दागे गए थे. एक मिसाइल खुले मैदान में गिरी है. जवाब में इज़रायली विमानों ने उत्तरी और मध्य गाजा में कई जगहों को निशाना बनाया. इज़रायल या गाजा में किसी के घायल होने की खबर नहीं है.
इज़रायल और फ़िलिस्तीन का विवाद दशकों से चलता आ रहा है. बेंजामिन नेतन्याहू ने हाल ही में इज़रायल की सत्ता में वापसी की. उन्होंने कुछ धुर दक्षिणपंथी पार्टियों के साथ गठबंधन करके सरकार बनाई. ये सत्ताधारी गठबंधन न्यायपालिका की शक्तियां कम करने पर उतारू है. इसको लेकर इज़रायल के कई शहरों में प्रोटेस्ट भी हो रहे हैं.
इसी कड़ी में सेना के ऑपरेशंस में बढ़ोतरी हुई है. 25 जनवरी को इज़रायल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज (IDF) ने वेस्ट बैंक के एक रेफ़्यूजी कैंप में छापेमारी की. वो इस्लामिक जिहाद नामक संगठन के चरमपंथियों को पकड़ने आए थे. इस दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमें 9 लोग मारे गए. फ़िलिस्तीनी अधिकारियों का आरोप है कि मरने वालों में अधिकतर आम लोग थे. इस घटना के बाद प्रोटेस्ट शुरू हुआ. प्रोटेस्ट के दौरान इज़रायली सेना ने एक और फ़िलिस्तीनी को गोली मार दी. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 26 जनवरी को इज़रायल के ऊपर रॉकेट्स दागे गए.
27 जनवरी की सुबह इज़रायल की वायुसेना ने गाज़ा स्ट्रिप में कई हवाई हमले किए. इससे पहले हमास ने इज़रायल पर रॉकेट्स दागे थे. उन्हें एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने हवा में ही निपटा दिया था. जेरूसलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इज़रायली आर्मी ने वेस्ट बैंक में अपनी एक और बटालियन तैनात कर दी है.
यूएन इस बढ़ते तनाव पर चिंता जता चुका है. उसने दोनों पक्षों से शांति बरतने की अपील की थी.
वीडियो: दुनियादारी: इजरायल की सेना गाज़ा में 'इस्लामिक जिहाद' पर हमले क्यों कर रही है?

