इजरायल ने लेबनान में मचाई तबाही, IDF के हमले में 492 लोगों की मौत, नेतन्याहू ने क्या संदेश दिया?
Israel Attack on Lebanon: 23 सितंबर को लेबनान में Hezbollah के ठिकानों पर IDF के हमलों में 492 लोगों की मौत हो गई है. जबकि 1600 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. इसे पिछले दो दशक का सबसे घातक हमला माना जा रहा है.
.webp?width=210)
इजरायल की डिफेंस फोर्स (IDF) ने लेबनान में तबाही मचा दी है. 23 सितंबर को लेबनान में हिजबुल्लाह (Hezbollah) के ठिकानों पर IDF के हमलों में 492 लोगों की मौत हो गई है. जबकि 1600 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. मरने वालों में 90 से ज्यादा महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. लेबनान (Lebanon) के स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से इसकी पुष्टि की गई है. इसे पिछले दो दशक का सबसे घातक हमला माना जा रहा है.
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह के तकरीबन 1600 ठिकानों को निशाना बनाया है. इजरायली एयर फोर्स ने दक्षिणी लेबनान और बेका घाटी में ताबड़तोड़ हमले किए. इन हमलों की वजह से हजारों लेबनानी नागरिकों को अपना घर छोड़कर भागना पड़ा है. लेबनानी मंत्री नासिर यासीन ने रॉयटर्स को बताया कि लोगों के रहने के लिए 89 अस्थायी शेल्टर को सक्रिय किया गया है. जिनमें 26,000 से अधिक लोगों के रहने की क्षमता है.
ये भी पढ़ें: इजरायल की खुफिया यूनिट 8200 की कहानी, जिसका नाम 'हिजबुल्लाह पेजर अटैक' में आ रहा है
नेतन्याहू ने की घर छोड़ने की अपीलइजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पूर्वी और दक्षिणी लेबनान के नागरिकों से इलाका खाली करने की भी अपील की है. उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा,
हिजबुल्लाह पर जवाबी कार्रवाई“मैं लेबनान के लोगों को एक संदेश देना चाहता हूं कि इजरायल की लड़ाई आपके साथ नहीं है. हमारी लड़ाई हिजबुल्लाह के साथ हैं, जो कि लंबे समय से आपको ह्यूमन शील्ड के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है. वो आपके लिविंग रूम और गैरेज में रॉकेट और मिसाइल रख रहा है. हिजबुल्लाह हमारे देश के नागरिकों पर हमले कर रहा है. अपनी सुरक्षा के लिए हमें अब इन हथियारों को नष्ट करने का समय आ गया है. इसलिए आपको चेतावनी दी जा रही है कि आप सभी हिजबुल्लाह से दूरी बनाएं. कृपया सभी लोग सुरक्षित इलाकों में चले जाएं.”
दरअसल, 22 सितंबर को हिजबुल्लाह ने उत्तरी इजरायल में 200 से ज्यादा रॉकेट और ड्रोन दागे थे. ऐसे में इन हमलों को IDF की तरफ जवाबी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है. इजरायल की तरफ से किए गए हमलों में लंबी दूरी की क्रूज मिसाइल, भारी रॉकेट, कम दूरी के रॉकेट और विस्फोटक ड्रोन शामिल थे. इजरायल के रक्षा मंत्री योआव गैलांट ने इन हमलों को लेकर कहा,
“हमने हजारों रॉकेट और काफी गोला-बारूद को नष्ट कर दिया है. लेबनान युद्ध के बाद से पिछले 20 सालों में हिजबुल्लाह ने जो कुछ बनाया है, उसे वास्तव में IDF की तरफ से नष्ट किया जा रहा है. हिजबुल्लाह के साथ लड़ाई के कारण उत्तरी इजराइल से लगभग 60,000 लोगों को निकाला गया है. ऐसे में ये अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक हमारे सारे लोग अपने घरों को वापस नहीं लौट जाते.”
हिजबुल्लाह की तरफ से हमले की आशंका को देखते हुए इजरायल सरकार ने भी देशभर में हफ्तेभर की इमरजेंसी घोषित कर दी है. रक्षा मंत्री योआव गैलेंट के प्रस्ताव के बाद 23 सितंबर को यह घोषणा की गई है. बताते चलें कि हाल ही में इजरायल ने पेजर कम्युनिकेशन डिवाइस के जरिए लेबनान में हमले किए थे.वहीं, 18 सितंबर को वॉकी-टॉकी के जरिए हिजबुल्लाह के सदस्यों को निशाना बनाया गया. इन हमलों में 39 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 3000 से ज्यादा लोग घायल हो गए.
वीडियो: हिजबुल्लाह के ताबड़तोड़ हमले के बाद इजरायल में लगी इमरजेंसी, लेबनानी सीमा के समुद्री तट पूरी तरह से सील

