इजरायल-हमास के बीच पहली बार रुका युद्ध, दोनों तरफ से छोड़े जाएंगे लोग
इजरायल-हमास युद्ध में पहली बार संघर्ष विराम हुआ है. 24 नवंबर की सुबह 7 बजे से शुरु हुआ ये संघर्ष विराम अगले 4 दिनों तक जारी रहेगा. हालांकि, दोनों पक्षों ने कहा है कि कि संघर्ष-विराम के बाद भी युद्ध जारी रहेगा.

इजरायल-हमास युद्ध में पहली बार संघर्ष-विराम (Israel Hamas War Ceasefire) हुआ है. पिछले 7 हफ्तों से चल रहे इस युद्ध में 4 दिनों के लिए लड़ाई रोकी गई है. इस बीच हमास बंधक बनाए लोगों में से करीब 50 महिलाओं और बच्चों को रिहा करेगा. वहीं, इजरायल अपनी जेलों में बंद 150 फिलिस्तीनी लोगों को रिहा करेगा. इसके साथ ही गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने की छूट दी जाएगी.
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ये संघर्ष-विराम 24 नवंबर की सुबह से शुरु हुआ. ये अगले 4 दिनों तक लागू रहेगा. संघर्ष-विराम के कुछ समय पहले तक भी युद्ध जारी रहा. हालांकि, दोनों पक्षों का कहना है कि संघर्ष-विराम के बाद भी युद्ध जारी रहेगा. हालांकि, इजरायल ने कहा है कि अगर हमास हर दिन 10 बंधकों को छोड़ता रहेगा तो वो 4 दिन के बाद भी संघर्ष-विराम को बढ़ाने के लिए तैयार है.
कतर और अमेरिका ने दोनों पक्षों के बीच ये समझौता कराने में मध्यस्थता की. कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी ने बताया,
"अब गाजा में मानवीय सहायता पहुंचना शुरू होगी. साथ ही, हमास शाम 4 बजे कुछ बुजुर्ग महिलाओं को रिहा कर देगा. अगले 4 दिनों में करीब 50 बंधकों को छोड़ दिया जाएगा."
ये भी पढ़ें- इजरायल-हमास के बीच क्या बड़ी डील हुई?
अभी ये तय नहीं है कि किसे पहले छोड़ा जाएगा. हालांकि, उम्मीद की जा रही है कि इसमें अमेरिकी बच्ची अविगल इदान शामिल हो सकती है. उसका 24 नवंबर को जन्मदिन भी है. वो इस दिन 4 साल की हो जाएगी.
'जंग अभी खत्म नहीं हुई है'कतर के प्रवक्ता ने ये भी बताया कि इजरायली जेलों से फिलिस्तीनियों को रिहा करने की भी उम्मीद की जा रही है. वहीं, मिस्र ने बताया है कि गाजा में हर दिन 1,30,000 लीटर डीजल और चार ट्रक गैस पहुंचाई जाएगी. इसके साथ ही, हर दिन मानवीय सहायता के 200 ट्रक भी गाजा पहुंचाए जाएंगे.
इधर, इजरायली सुरक्षाबलों (IDF) ने 24 नवंबर की सुबह फिर दोहराया है कि ये संघर्ष-विराम कुछ दिनों के लिए है. अभी जंग खत्म नहीं हुई है. IDF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने प्रवक्ता अविचाई अद्राई का एक वीडियो मैसेज पोस्ट किया. इसमें अद्राई ने कहा,
"यद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है. ये मानवीय संघर्ष-विराम कुछ समय के लिए है. उत्तरी गाजा युद्ध का एक खतरनाक इलाका है. अपनी सुरक्षा के लिए उस तरफ न जाएं. दक्षिण की तरफ मानवीय इलाकों में ही रहें."
ये भी पढ़ें- गाजा के अल-शिफा अस्पताल में घुसी इजरायली सेना
अद्राई ने आगे कहा,
"गाजा पट्टी में उत्तर से दक्षिण केवल सलाह अल-दीन रोड से जाया जा सकता है. नागरिकों को पट्टी के दक्षिण से उत्तर की तरफ आने की मनाही है. साथ ही ये बेहद खतरनाक है."
इजरायल पर 7 अक्टूबर को हमला करने के बाद हमास ने करीब 200 लोगों को बंधक बना लिया था. इजरायल की सरकार के अनुसार, इस हमले में करीब 1200 लोगों को मौत हुई थी. वहीं, फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस युद्ध में अभी तक 13,300 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, करीब 23 लाख लोगों को अपना घर छोड़कर भागना पड़ा है.
ये भी पढ़ें- गाजा में इजरायल का ये ऐलान ईरान-हमास को बर्दाश्त न होगा!
वीडियो: दुनियादारी: इजरायल आर्मी ने गाज़ा हॉस्पिटल में क्या दिखाया, नेतन्याहू का प्लान क्या है?

