The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • irs anjani kumar pandey on x how upsc aspirants waste their precious time during preparation

UPSC एस्पिरेंटस कैसे अपना समय बर्बाद करते हैं, अधिकारी ने वायरल पोस्ट में बता दिया

IRS अधिकारी अंजनी कुमार पांडे ने अभ्यर्थियों से पूछा - टॉपर्स की बातचीत या उनके पोस्ट लाइक करने में कितना समय और डेटा खर्च कर रहे हैं?

Advertisement
pic
7 नवंबर 2023 (पब्लिश्ड: 03:59 PM IST)
IRS Anjani Kumar Pandey posted on X about how UPSC aspirants waste their time during preparation.
IRS अंजनी कुमार पांडे ने X पर एक पोस्ट कर बताया कि UPSC एस्पिरेंटस कैसे अपना समय बर्बाद करते हैं. (फोटो क्रेडिट - X)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारतीय राजस्व सेवा(IRS) के अधिकारी अंजनी कुमार पांडे आए दिन केंद्रीय लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा से जुड़ी हुई बातें अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर करते रहते हैं. हाल ही में उन्होंने UPSC की परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी कैसे अपना समय बर्बाद करते हैं, इस पर एक पोस्ट किया. लिखा,

"UPSC Aspirants तैयारी के दौरान अपना बेशकीमती समय फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर पर सैकड़ों अधिकारियों को फॉलो करने, उनके हर पोस्ट को लाइक करने में बर्बाद कर देते हैं. एस्पिरेंटस अधिकारियों से एक ही सवाल पूछते रहते हैं, ‘यूपीएससी की तैयारी कैसे करें?’"

उन्होंने आगे लिखा,

"एस्पिरेंटस बिना सोचे समझे पहले दिन से द हिंदू अखबार पढ़ने में समय बर्बाद करते हैं. बस कुछ भी और कहीं से भी पढ़ना, नोट्स नहीं बनाना, उसका विश्लेषण नहीं करना या उसे समझना नहीं."

IRS अंजनी कुमार पांडे ने ये भी बताया कि घंटों तक मोटिवेशनल वीडियो देखना भी समय बर्बाद करता है. उन्होंने लिखा,

"UPSC पर कई शिक्षकों और सफल उम्मीदवारों के हजारों वीडियो हैं. लेकिन मेरा भरोसा करिए, इनसे आपको कोई फायदा नहीं होगा. हर किसी का अपना संघर्ष है, आपको अपनी यात्रा से प्रेरणा ढूंढनी होगी. व्यक्ति को खुद ही कोशिश करनी होगी."

वे UPSC की तैयारी को ऊबाऊ बताते हैं. अपने पोस्ट में उन्होंने आगे बताया,

"UPSC की तैयारी करना बिल्कुल भी ग्लैमरस नहीं है, जैसा कि वेब सीरीज और फिल्मों में दिखाया जाता है. जब आप असफल होते हैं या जब आप गिरते हैं तो हर बार गाना नहीं बजता. UPSC की तैयारी करना संभव है कि सबसे उबाऊ जीवन और सबसे अंधकारमय सफर है. इस सफर में आपको कड़ी मेहनत करके अंधेरी रात में अपनी रौशनी खुद ही ढूंढनी होगी."

बेकार राजनीतिक और वैचारिक बहसें

IRS पांडे ने घंटों टॉपर्स की बातचीत सुनने और उनके निजी जीवन की कहानियां देखने को भी समय बर्बाद करना बताया. उन्होंने लिखा,

“UPSC टॉपर्स के सोशल मीडिया पेजों, उनके निजी जीवन, टॉपर्स की बातचीत और उनके प्रेरक वीडियो देखते हुए समय बिता देना. ये दिन में सपने देखने के बराबर है. टॉपर्स की जिंदगी आपको कहीं नहीं ले जाएगी. ये शायद ही आपकी वास्तविक तैयारी में कोई योगदान दे.”

अंजनी कुमार पांडे घंटों तक किसी मुद्दे पर बहस करने को भी समय बर्बाद करने के बराबर मानते हैं. वे कहते हैं,

"घंटों तक बेतरतीब बेकार राजनीतिक और वैचारिक मुद्दों पर चर्चा करना समय बर्बाद करना है. ये तो UPSC के सिलेबस में नहीं है. कृपया आखिर में एक बार अपने रोज के मोबाइल डेटा इस्तेमाल करने की जांच करें और देखें कि आप इसे कैसे खर्च करते हैं. अभी भी समय है. अपनी तैयारी के लिए ईमानदार रहें."

IRS अंजनी कुमार पांडे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर UPSC  से जुड़ी बातें शेयर करते रहते हैं. कुछ दिन पहले ही उन्होंने UPSC की तैयारी में की जाने वाली गलतियों पर भी एक पोस्ट किया था. 

वीडियो: आखिरी अटेम्प्ट में UPSC NDA में कैसे पाई रैंक 48? पायलट कैसे बन सकते हैं?

Advertisement

Advertisement

()