'कुर्बान' होने को तैयार ईरान के लोग, पावर प्लांट और पुलों के आगे ह्यूमन चेन बनकर खड़े हो गए
ईरान के कई हिस्सों में पुलों और बिजली घरों के आसपास लोगों को ह्यूमन चेन बनाते देखा गया है. इसके जो और वीडियो सामने आए हैं, उनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे हाथ पकड़कर खड़े हैं.

‘तन फदा-ए-वतन'. फारसी में ये वाक्य एक कार्ड पर लिखा है. कार्ड एक छोटी सी बच्ची ने पकड़ रखा है. बच्ची जो अपने देश के तमाम लोगों के साथ डॉनल्ड ट्रंप की उस विध्वंसक धमकी के खिलाफ खड़ी है, जिसमें ‘एक पूरी सभ्यता को खत्म करने’ की बात कही गई है. इस वाक्य का मतलब होता है, ‘देश के लिए शरीर कुर्बान है’. यानी ईरान के लोग अपने देश की सुरक्षा के लिए मर-मिटने को तैयार हो गए हैं. होर्मुज स्ट्रेट खोलने और युद्ध रोकने की डील के लिए ईरान को डॉनल्ड ट्रंप का दिया अल्टीमेटम मंगलवार, 7 अप्रैल को खत्म होने वाला है.
ट्रंप ने कहा है कि ‘जैसे ही ये डेडलाइन खत्म होगी, एक सभ्यता की मौत होगी, जिसे फिर वापस नहीं लाया जा सकेगा. समझौते में बात नहीं बनी तो ईरान के पावर प्लांट और पुलों को उड़ा दिया जाएगा. ट्रंप की इसी धमकी के जवाब में ईरानी लोग अपने देश के संसाधनों का कवच बनकर खड़े हो गए हैं. रॉयटर्स ने एक वीडियो शेयर किया है, जो ईरान के इलाम शहर का है. इस वीडियो में बुर्का पहने सैकड़ों की तादाद में महिलाएं दिखती हैं. उनके साथ बच्चे और हर उम्र के पुरुष भी हैं. सबके हाथ में ईरान का झंडा है. ‘तन वतन के लिए कुर्बान’ लिखी तख्तियां हैं.
वीडियो में दिख रहा है कि वो इलाम के गैस आधारित पावर प्लांट के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाकर खड़े हैं. एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के कई हिस्सों में पुलों और बिजली घरों के आसपास लोगों को ह्यूमन चेन बनाते देखा गया है. इसके जो और वीडियो सामने आए हैं, उनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे हाथ पकड़कर खड़े हैं. उन्होंने एक लंबी लाइन बना रखी है. बताया गया कि ये प्रदर्शन अमेरिका की बढ़ती ‘धमकी भरी बयानबाजी’ के जवाब में किया गया है.
ANI के मुताबिक, इलाम के लोगों ने मानव श्रंखला बनाकर ये दिखाने की कोशिश की कि वो अपने देश के नागरिक ढांचे पर किसी भी हमले के खिलाफ हैं. उनकी ये पहल पूरे देश में चल रही एक बड़ी कोशिश का हिस्सा है. अमेरिका की सीधी धमकियों के बीच ईरान के उप खेलमंत्री अलीरेजा रहीमी (Alireza Rahimi) ने देश के खिलाड़ियों और कलाकारों से अपील की है कि वे भी पावर प्लांट्स के आसपास मानव श्रंखला बनाएं ताकि अमेरिका के संभावित हवाई हमलों को रोका जा सके.
एक वीडियो संदेश में रहीमी ने युवाओं, खिलाड़ियों, कलाकारों, छात्रों और शिक्षकों से मंगलवार दोपहर 2 बजे पावर प्लांट्स के पास इकट्ठा होने को कहा. उन्होंने कहा कि ये हमारी संपत्ति हैं. ये हमारे संसाधन हैं. इनकी रक्षा के लिए सबको आगे आना होगा.
ट्रंप ने दी थी धमकीये सब डॉनल्ड ट्रंप की धमकी के बाद हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा कि ईरान में बहुत बड़ी तबाही हो सकती है. एक पूरी सभ्यता आज रात खत्म हो सकती है, जो फिर कभी वापस नहीं आएगी. उन्होंने ये भी कहा कि वह ऐसा नहीं चाहते लेकिन शायद ऐसा होगा.
ट्रंप ने पहले भी ईरान को धमकाया था कि अगर होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोला जाता तो ईरान में बड़े स्तर पर बमबारी की जाएगी. वहां के हर पावर प्लांट और पुलों को निशाना बनाया जाएगा. ईरान को उन्होंने समझौता करने के लिए 10 दिन का समय दिया था, जिसकी मियाद 7 अप्रैल की रात को खत्म हो रही है. उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर बात नहीं बनी तो ईरान के पास न पुल बचेंगे और न पालर प्लांट. देश को पाषाण युग में पहुंचा दिया जाएगा.
वीडियो: दुनियादारी: ट्रंप की ईरान को लगातार धमकी, डील नहीं तो मचेगी तबाही?

.webp?width=60)
